कैलादेवी के कालीसिल घाट पर वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ भव्य शुभारंभ—करौली प्रभारी सचिव ने किया जल, पीपल पूजन एवं पौधारोपण

ram

जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संग्रहण एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का जिला स्तरीय शुभारम्भ सोमवार को गंगा दशहरा के अवसर पर कैलादेवी के मुख्य कालीसिल घाट में किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करौली प्रभारी सचिव एवं वित्त(व्यय) विभाग सचिव टीना सोनी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन और भविष्य से जुड़ा एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति, जल और वृक्षों की पूजा की परंपरा रही है तथा हमें अपने प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए उनका समझदारी से उपयोग करना चाहिए। करौली जिला प्रभारी सचिव ने बताया कि सम्पूर्ण प्रदेश में वंदे गंगा जल 2026 का शुभारंभ हुआ है। इसका लक्ष्य हमारी जनता को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 10 दिनों तक चलेगा जिसके तहत आम जनता को पर्यावरण सरंक्षण एवं जल संरक्षण के कार्यों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि केवल ये 10 दिन ही नहीं बल्कि साल भर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों से जुड़े रहे। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से वर्षा ऋतु के दौरान वृक्षारोपण करने की भी अपील की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधी, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *