स्ट्रीट फूड खाने का कर रहा है मन? घर पर बनाएं चटपटा अचारी पनीर काठी रोल, भूल जाएंगे बाजार का स्वाद

ram

नई दिल्ली। पनीर काठी रोल का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है! बच्चे हों या बड़े, हर कोई इस मशहूर स्ट्रीट फूड का दीवाना है, लेकिन जब इसमें अचारी ट्विस्ट जुड़ जाता है, तो इसका स्वाद और बढ़ जाता है। अचारी पनीर काठी रोल अपने तीखे, खट्टे और लाजवाब स्वाद से आपके जायके को दोगुना कर देगा। अगर आपका मन घर बैठे कुछ रेस्टोरेंट जैसा और मसालेदार खाने का कर रहा है, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट चॉइस है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान विधि।

सामग्री
पनीर मैरिनेशन के लिए-
पनीर- 250 ग्राम (लंबे क्यूब्स में कटा हुआ)
दही- 3 बड़े चम्मच
अचारी मसाला- 1 बड़ा चम्मच (आम या मिर्च के अचार का मसाला)
अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और नमक

रोल के लिए
मैदा या गेहूं का आटा- 2 कप
तेल/घी- जरूरत अनुसार
नमक- एक चुटकी
स्टफिंग और टॉपिंग-
प्याज- 1 लंबा कटा हुआ
शिमला मिर्च- 1 लंबी कटी हुई
हरी चटनी, मेयोनेज और चाट मसाला

बनाने की विधि
सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही लें। इसमें अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च, हल्दी, नमक और सबसे जरूरी अचार का मसाला डालें। इस मिश्रण को अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें पनीर के टुकड़े डालें और हल्के हाथों से मिलाएं, ताकि मसाला पनीर पर अच्छी तरह लिपट जाए। इसे 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें।
अब एक बर्तन में आटा, नमक और थोड़ा सा तेल डालकर नरम गूंथ लें। 10 मिनट आराम देने के बाद, इसकी लोइयां बनाकर पतला बेल लें। तवे पर तेल या घी लगाकर इसे दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें। पराठा थोड़ा कुरकुरा होना चाहिए।
इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें मैरिनेट किया हुआ पनीर डालें। मध्यम आंच पर इसे तब तक पकाएं जब तक दही का पानी सूख न जाए और पनीर पर मसाले की अच्छी कोटिंग न आ जाए। अब इसमें कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज डालें। ध्यान रहे, सब्जियों को पूरी तरह नहीं गलाना है, उनका क्रंच बना रहना चाहिए।
अब एक तैयार पराठा लें। उसके बीच में पुदीने की हरी चटनी और थोड़ी मेयोनेज लगाएं। पराठे के एक किनारे पर तैयार अचारी पनीर का मिश्रण रखें। ऊपर से कच्चे प्याज के लच्छे, थोड़ा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़कें।
पराठे को कसकर रोल करें और नीचे के हिस्से को फॉयल पेपर या टिश्यू पेपर से लपेट दें, ताकि स्टफिंग बाहर न निकले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *