जयपुर। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजसमंद जिले की ग्राम पंचायत राज्यावास में आयोजित रात्रि चौपाल में सहभागिता कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। उप मुख्यमंत्री ने चौपाल के दौरान एक-एक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील है और प्रशासन को जवाबदेह बनाते हुए प्रत्येक व्यक्ति को राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, विकास अधिकारी भवानी शंकर सहित कई जनप्रतिनिधि-अधिकारी उपस्थित रहे।

राजसमंद के राज्यावास में उपमुख्यमंत्री की रात्रि चौपाल, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रात्रि चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
ram


