विश्व रेबीज सप्ताह के तहत 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता अभियान

ram

जयपुर। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक विश्व रेबीज सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम “Stronger Together” (मजबूत साथ, सुरक्षित भविष्य) निर्धारित की गई है। इसके तहत जयपुर द्वितीय जिले में रेबीज की रोकथाम, कुत्तों के टीकाकरण एवं आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि रेबीज एक गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है, लेकिन समय पर उचित उपचार और टीकाकरण से इससे बचाव संभव है। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आमजन को रेबीज के लक्षण, बचाव एवं कुत्ते या अन्य संदिग्ध पशु के काटने पर तत्काल की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जागरूक किया जाए। उन्होंने सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आयोजित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा उनकी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अभियान के तहत जिले में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिसमे आमजन को रेबीज के लक्षण, बचाव एवं टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से घरेलू एवं आवारा कुत्तों के टीकाकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विद्यालयों में विद्यार्थियों को कुत्तों के काटने से बचाव, सुरक्षित व्यवहार तथा काटने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेने के बारे में बताया जाएगा। रेबीज के संदिग्ध मामलों की पहचान, निगरानी एवं आवश्यक नियंत्रण गतिविधियां सुनिश्चित की जाएंगी। रेबीज के मामलों एवं टीकाकरण से संबंधित आंकड़ों का नियमित संकलन एवं विश्लेषण किया जाएगा। साथ ही रेबीज से संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य संदेशों का मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *