CSK के ऑलराउंडर रामाकृष्णा घोष IPL 2026 से बाहर

ram

चेन्नई। IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की मुश्किलें जारी हैं। टीम के बॉलिंग ऑलराउंडर रामाकृष्णा घोष चोट के कारण मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं। घोष ने शनिवार (2 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ IPL डेब्यू किया था और शानदार प्रदर्शन किया था। चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक बयान के मुताबिक, घोष के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है। यह चोट शनिवार को चेन्नई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी। फिलहाल फ्रेंचाइजी ने उनके रिप्लेसमेंट के नाम की घोषणा नहीं की है।

डेब्यू मैच में सूर्या का विकेट लिया और शानदार कैच पकड़ा
महाराष्ट्र के मीडियम पेसर रामाकृष्णा घोष के लिए शनिवार का दिन सपने जैसा शुरू हुआ था। उन्होंने मैच की आठवीं गेंद पर पॉइंट बाउंड्री पर डाइविंग कैच लेकर मुंबई के ओपनर विल जैक्स को पवेलियन भेजा। इसके बाद गेंदबाजी में अपनी शॉर्ट पिच गेंद से दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को आउट किया। घोष ने 133 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर सभी को प्रभावित किया था।

2025 की नीलामी में 30 लाख में खरीदा था
घोष को CSK ने IPL 2025 की मेगा नीलामी में उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था। पिछले सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन टीम ने भरोसा जताते हुए इस साल रिटेन किया। शनिवार को उन्हें पहली बार पीली जर्सी में मैदान पर उतरने का मौका मिला, लेकिन चोट ने उनका सीजन खत्म कर दिया।

चेन्नई के चार खिलाड़ी अब तक हो चुके हैं बाहर
मौजूदा सीजन में खिलाड़ियों की चोट ने CSK की प्लानिंग बिगाड़ दी है। रामाकृष्णा घोष इस सीजन में बाहर होने वाले चेन्नई के चौथे खिलाड़ी और तीसरे तेज गेंदबाज हैं। उनसे पहले नाथन एलिस, आयुष म्हात्रे और खलील अहमद भी चोट के कारण टूर्नामेंट से हट चुके हैं। लगातार गेंदबाजों के बाहर होने से कप्तान ऋतुराज गायकवाड के पास गेंदबाजी विकल्प कम होते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *