जयपुर। राजधानी में शनिवार को ‘लोकमंथन-हम युवा, विरासत और विकास भी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राजस्थान के क्षेत्रीय संघ चालक डॉ रमेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे। केबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने का आह्वान किया। कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि पूरी सृष्टि के संदर्भ में मानव जीवन एक पलक झपकने जितना छोटा है, ऐसे में इस छोटे से जीवन को सार्थक बनाना ही सबसे बड़ा उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस क्षण में हम कुछ सीख सकें और दूसरों को प्रेरित कर सकें, तो यही जीवन की सच्ची सफलता है। उन्होंने सेना का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हजारों सैनिक एक ताल में चलते हैं, तभी एक मजबूत और प्रभावशाली टीम बनती है। इसी प्रकार, समाज और राष्ट्र की मजबूती के लिए सामूहिक प्रयास और अनुशासन आवश्यक है। कर्नल राठौड़ ने युवाओं को अपनी ऊर्जा को बनाए रखने के लिए संतुलित खानपान और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का एक उद्देश्य होता है और उसे पहचानना तथा उस दिशा में आगे बढ़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने संविधान की भावना ‘हम एक हैं’ को दोहराते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए कर्तव्य, दिशा और एकता तीनों आवश्यक हैं। कर्नल राठौड़ ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई विशेषता होती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस चुनौती के प्रति जागरूक रहें और इसे एक सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में लें। उन्होंने कहा कि यदि युवा इस दिशा में संगठित होकर आगे बढ़ेंगे, तो देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

जीवन का हर क्षण मूल्यवान, इसे सार्थक बनाना ही हमारी जिम्मेदारीः कर्नल राज्यवर्धन राठौड़
ram


