चार मुकाबलों की सीरीज खेलने अर्जेंटीना जाएगी भारतीय महिला हॉकी टीम

ram

नई दिल्ली। भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम चार मुकाबलों की सीरीज में हिस्सा लेने के लिए अर्जेंटीना के दौरे पर जाएगी। यह सीरीज 13 से 17 अप्रैल तक ब्यूनस आयर्स के सेनार्ड में खेली जाएगी। इस सीरीज को विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि भारत-अर्जेंटीना के बीच होने वाली यह सीरीज काफी रोमांचक हो सकती है। सीरीज का पहला मुकाबला 13, दूसरा मैच 14, तीसरा मैच 16 और अंतिम मुकाबला 17 अप्रैल को खेला जाना है। यह दौरा बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 और एशियाई खेलों से पहले भारत की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम समझा जा रहा है। हाल के वर्षों में भारत और अर्जेंटीना के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है और दोनों टीमों के बीच कई शानदार मुकाबले देखने को मिले हैं, जिसमें पिछले साल जून में एफआईएच प्रो लीग 2024-25 में शूटआउट से तय हुआ 2-2 का रोमांचक ड्रॉ भी शामिल है। यह आगामी दौरा बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ मैच प्रैक्टिस का अहम मौका देगा, जो हॉकी इंडिया के रणनीतिक कैलेंडर के साथ पूरी तरह से मेल खाता है। अर्जेंटीना के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करके भारतीय टीम विश्व कप से पहले शानदार लय प्राप्त करना चाहेगी। इस सीरीज में भारतीय टीम को अलग-अलग कॉम्बिनेशन और रणनीतियों को आजमाने का मौका भी मिलेगा।
इस दौरे के बारे में बात करते हुए भारतीय मुख्य कोच सजोर्ड मारिन ने कहा, “हम 24 खिलाड़ियों की टीम के साथ अर्जेंटीना जा रहे हैं और यह एक बहुत ही सोच-समझकर लिया गया फैसला है। इस दौरे का मकसद ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को सबसे ऊंचे स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका देना है। अर्जेंटीना दुनिया की बेहतरीन टीमों में से एक है और वहां का माहौल हमें यह समझने में काफी मदद करेगा कि हर खिलाड़ी किस स्थिति में है। हम यह देखना चाहते हैं कि जब सबसे ज्यादा जरूरत पड़ेगी तब कौन सी खिलाड़ी आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेती है। इस टीम में जगह बनाने के लिए आपको सबसे पहले यह साबित करना होगा कि आप एक टीम प्लेयर हैं। व्यक्तिगत काबिलियत ​​जरूरी है, लेकिन अगर आप टीम के साथ तालमेल नहीं बैठा पाते और एक-दूसरे के लिए मिलकर काम नहीं करते, तो इस टीम में जगह बनाना बहुत मुश्किल होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *