पीएम मोदी और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने पश्चिम एशिया तनाव पर चिंता जताई

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने गुरुवार को इस महीने दूसरी बार फोन पर बातचीत की और पश्चिम एशिया के बदलते हालात पर चिंता जताई। दोनों नेताओं ने इलाके में शांति, सुरक्षा और स्थिरता जल्द से जल्द वापस लाने के लिए संवाद और कूटनीति की जरूरत पर बल दिया। पीएम मोदी ने किंग अब्दुल्ला द्वितीय को ईद की अग्रिम मुबारकबाद दी और इस इलाके में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन के प्रयासों को सराहा। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “मैंने अपने भाई, जॉर्डन के राजा, किंग अब्दुल्ला द्वितीय को फोन पर ईद की अग्रिम बधाई दी। हमने पश्चिम एशिया में बदलते हालात पर चिंता व्यक्त की और इस इलाके में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए डायलॉग और डिप्लोमेसी की जरूरत पर बल दिया।”
उन्होंने आगे कहा, “पश्चिम एशिया में ऊर्जा ठिकानों पर हमले निंदनीय हैं और इनसे तनाव बढ़ सकता है जिसे टाला जाना चाहिए। भारत और जॉर्डन बिना ऊर्जा और अन्य उत्पादों के निर्बाध आवागमन पर विश्वास करते हैं। इस इलाके में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन की कोशिशों की दिल से तारीफ करता हूं।”
दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच हुई, जो 28 फरवरी को ईरान पर यूएस-इजरायली हमलों के बाद शुरू हुआ था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और शीर्ष सैन्य अधिकारी मारे गए थे। जवाब में, ईरान ने पश्चिम एशिया स्थित यूएस-इजरायली बेस और सहयोगी सेनाओं को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। दोनों नेताओं ने 2 मार्च को भी बात की थी।
पिछले कुछ दिनों से, पीएम मोदी मलेशिया, ओमान, फ्रांस, कुवैत, यूएई, इज़राइल, ईरान, सऊदी अरब, बहरीन और कतर के नेताओं से लगातार संपर्क साध रहे हैं।
बुधवार से गुरुवार के बीच ही उन्होंने कुल 5 देशों के दिग्गजों से बातचीत की। सबने एक सुर में मौजूदा संकट से निपटने के लिए बातचीत और कूटनीति को जारी रखने में सहमति जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *