थलापति विजय और तृषा कृष्णन की पर्सनल लाइफ को लेकर हंगामा क्यों? खुशबू सुंदर ने जताई नाराजगी

ram

मुंबई। साउथ एक्टर थलापति विजय और तृषा कृष्णन इन दिनों सुर्खियों में हैं। दरअसल, पत्नी संगीता सोरनलिंगम संग तलाक की खबरों के बीच विजय, तृषा के साथ एक वेडिंग रिसेप्शन में गए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों ने दोनों का नाम जोड़ना शुरू कर दिया। इस पूरे मामले पर अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और राजनेता खुशबू सुंदर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ”किसी भी कलाकार की निजी जिंदगी को लेकर इस तरह का हंगामा करना ठीक नहीं है। हर इंसान की अपनी निजी जिंदगी होती है और जब तक उस निजी जिंदगी से समाज या आम लोगों पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ रहा, तब तक उसे बड़ा मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।” जब खुशबू सुंदर से सवाल किया गया कि तमिलनाडु में इस समय चुनावी माहौल बन रहा है और इसी बीच अभिनेता विजय को तृषा कृष्णन के साथ एक कार्यक्रम में देखा गया है। ऐसे में क्या इस घटना का राजनीति या लोगों की सोच पर कोई असर पड़ सकता है।
इस सवाल के जवाब में खुशबू ने कहा, ”मुझे समझ नहीं आता कि लोगों को इस तरह की बातों में इतनी दिलचस्पी क्यों होती है। यह दोनों कलाकारों की निजी जिंदगी का मामला है और इसका आम लोगों से कोई लेना-देना नहीं है।”
खुशबू सुंदर ने आगे कहा, ”अगर किसी की निजी जिंदगी से समाज या जनता प्रभावित होती, तो उस पर चर्चा करना समझ में आता, लेकिन जब किसी की व्यक्तिगत जिंदगी से किसी को नुकसान नहीं हो रहा है, तो उसे बड़ा विवाद बनाने का कोई मतलब नहीं है। लोग अक्सर कलाकारों की निजी जिंदगी को लेकर बहुत ज्यादा उत्सुक हो जाते हैं, जबकि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी जीने का अधिकार है।”
बातचीत के दौरान खुशबू सुंदर से एक और सवाल पूछा गया कि क्या इस तरह की चर्चाओं से विजय की लोकप्रियता पर असर पड़ सकता है, खासकर तब जब वह फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय हैं। इस पर खुशबू ने कहा, ”मुझे नहीं लगता कि इससे विजय की छवि या लोकप्रियता पर कोई असर पड़ेगा। जनता बहुत समझदार होती है और वोट देते समय सही फैसला करती है। लोग जानते हैं कि उन्हें कब और किसे वोट देना है, इसलिए किसी अभिनेता की निजी जिंदगी से उसकी राजनीतिक स्थिति जरूरी नहीं कि प्रभावित हो।”
उन्होंने आगे कहा, ”चाहे कोई व्यक्ति बड़ा अभिनेता हो या नेता, आखिरकार वह भी एक इंसान ही होता है। एक इंसान की अपनी निजी जिंदगी होती है और उसे भी उसी तरह जीने का अधिकार है जैसे किसी आम व्यक्ति को होता है। इसलिए किसी के निजी रिश्तों या व्यक्तिगत जीवन को लेकर ज्यादा चर्चा करना सही नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *