राजस्थान में समय से पहले तेज गर्मी, नौ–दस मार्च को हीटवेव का यलो अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक अधिक मापा जा रहा है। शुक्रवार को जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन में तेज गर्मी का असर महसूस किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने बाड़मेर जिले में नौ और दस मार्च को हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जैसलमेर और बालोतरा सहित आसपास के इलाकों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

प्रदेश के श्रीगंगानगर क्षेत्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस अधिक मापा गया। वहीं जैसलमेर में तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री, चूरू में 7.3, जयपुर में 6.7, बीकानेर में 6.9, जोधपुर और कोटा में 4.9, अजमेर में 5.6 तथा बाड़मेर में 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में बना एंटी साइक्लोन सिस्टम लंबे समय से सक्रिय है। इसके प्रभाव से राजस्थान के साथ-साथ गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी समय से पहले गर्मी की शुरुआत हो गई है। दिन में तेज गर्मी के बाद रात के समय तापमान में गिरावट होने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। शुक्रवार को कोटा, जयपुर और फलोदी को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे मापा गया।

सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर में रहा।

वहीं सिरोही, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अलवर, करौली और दौसा में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *