टी20 विश्व कप के शुरुआती मुकाबलों में नहीं खेलेंगे हेज़लवुड : चयनकर्ता डोडेमाइड

ram

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड टी20 विश्व कप के शुरुआती चरण में टीम के साथ श्रीलंका की यात्रा नहीं करेंगे। राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने बताया कि हेज़लवुड फिलहाल सिडनी में रहकर चोट से उबरने के बाद अपने रिटर्न-टू-प्ले कार्यक्रम को जारी रखेंगे। हालांकि, नाथन एलिस, टिम डेविड और ग्लेन मैक्सवेल कोलंबो पहुंच चुके हैं और मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ेंगे। डोडेमाइड के अनुसार, ये तीनों खिलाड़ी पाकिस्तान से आने वाली टीम के साथ शामिल होंगे। ऑस्ट्रेलिया अपने चार शुरुआती मुकाबले कोलंबो और पल्लेकेले में खेलेगा, जिसकी शुरुआत 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ होगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है। डोडेमाइड ने कहा कि हेज़लवुड शुरुआती चरण के दौरान सिडनी में ही रहेंगे ताकि वे परिचित माहौल में अपनी फिटनेस पर काम कर सकें। उन्होंने बताया कि सीन एबॉट को ट्रैवलिंग रिज़र्व के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। डोडेमाइड ने कहा,“नाथन, टिम और ग्लेन कोलंबो पहुंच चुके हैं और पाकिस्तान से हमारी टीम के पहुंचने पर हम उनसे जुड़ने को लेकर उत्साहित हैं। जोश के मामले में हमें लगा कि उनके लिए घर पर रहकर रिहैबिलिटेशन जारी रखना ज्यादा व्यावहारिक और फायदेमंद रहेगा।” गौरतलब है कि हेज़लवुड को लगातार अकिलीज़ चोट के कारण 2025–26 एशेज सीरीज़ से भी बाहर होना पड़ा था। यह चोट पहले लगी हैमस्ट्रिंग इंजरी से उबरने के दौरान सामने आई थी। चयनकर्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि हेज़लवुड टूर्नामेंट में कब उपलब्ध होंगे। ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप में ओमान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे भी शामिल हैं और उसके शुरुआती मुकाबले 20 फरवरी तक समाप्त हो जाएंगे। इससे पहले, अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस को भी पीठ की चोट के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था। उनकी जगह बेन ड्वारशुइस को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। डोडेमाइड ने बताया कि एबॉट को एलिस के बैकअप के रूप में टीम के साथ रखा गया है। उन्होंने कहा, “नाथन भी वापसी की प्रक्रिया में हैं, ऐसे में हमने सीन को तेज गेंदबाजी कवर के तौर पर साथ रखने का फैसला किया। सीन अनुभवी और बहुमुखी खिलाड़ी हैं और कई विश्व कप अभियानों का अनुभव रखते हैं।” टी20 विश्व कप का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका के विभिन्न मैदानों पर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *