जोधपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिसिंग में सुधार के साथ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, साथ ही महिला सुरक्षा पर पुलिस का फोकस रहेगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्राथमिकताओं को सर्वोपरि रख कार्य करेगी। उन्होंने तकनीक के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस पर भी जोर दिया। वे आज जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पुलिस कप्तान राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यालय की प्राथमिकताओं के आधार पर पुलिस कार्य कर रही है। पुलिस मुख्यालय जिन मुद्दों को प्राथमिकता देता है, उन्हीं के आधार पर पुलिस कार्य कर रही है। पुलिसकर्मियों को अवकाश की सुविधा भी अब नियमित तौर शुरू करने का प्रावधान किया गया है। ड्यूटी और आवश्यकता के आधार पर पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से अवकाश देने का प्रावधान किया गया है, जिससे उनकी कार्य क्षमता और मानसिक संतुलन बना रहे। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से साइबर अपराधों पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक संसाधनों का पूरा उपयोग किया जा रहा है। सीसीटीवी नेटवर्क को सुदृढ़ किया जा रहा है। थानों को सीसीटीवी से जोड़ा जा रहा है और प्रमुख चौराहों को कवर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डीजीपी शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष तौर पर फोकस कर रही है। इसके लिए महिला सुरक्षा और संवाद आरंभ किया गया है। इससे महिला अपराधों में गिरावट देखने को मिल रही है। महिला पुलिस टीमों द्वारा आम महिलाओं से संवाद स्थापित कर एक सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। पुलिस कप्तान शर्मा ने कहा कि जहां महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं, वहां पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश अपनी टीम के साथ जाकर चिन्हीकरण करेंगे। साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण में जनभागीदारी जरूरी है। इसके लिए ट्रैफिक नियमों का पालन स्कूल और परिवार से शुरू होता है। केवल चालान करना उद्देश्य नहीं, बल्कि लोगों की मानसिकता बदलना जरूरी है। वहीं झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी क्योंकि इससे पुलिस का समय बर्बाद होता है और राज्य की छवि खराब होती है। उन्होंने पत्रकारों के सवाल जवाब पर कहा कि घरों में रखे जाने वाले नौकरों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस गंभीर है, जिससे अपराध की रोकथाम की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति और गैलंट्री अवॉर्ड्स को लेकर सभी नियमों का पालन किया जा रहा है, जिससे निष्पक्षता के साथ पारदर्शिता बनी रहे।

जोधपुर: एआई तकनीक और महिला सुरक्षा पर फोकस : डीजीपी शर्मा
ram