जयपुर। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने आज (बुधवार) जयपुर में पैदल मार्च निकाला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसका नेतृत्व किया। मार्च दोपहर करीब 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से शुरू होकर शहीद स्मारक पर खत्म हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हो रही है। इलेक्शन कमीशन जवाब नहीं दे रहा। यह इतिहास में पहली बार हो रहा है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा- शक को दूर करने के लिए इलेक्शन कमीशन को कदम उठाना चाहिए। सरकार को आगे नहीं करना चाहिए। निर्वाचन आयोग खुद आगे आए और बताए कि कहां गड़बड़ी हुई है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा बोले- पीएम नरेंद्र मोदी ने वोट की चोरी से सत्ता हासिल की है। ये दोधारी तलवार चला रहे हैं। एक तरफ SIR के नाम से विपक्ष के वोट काटे जा रहे हैं, दूसरी तरफ बीजेपी के फर्जी वोटों को जुड़वाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- भाजपा ने फर्जीवाड़ा किया है। इस फर्जीवाड़े को राहुल गांधी सामने लेकर आए हैं। चुनाव आयोग को इसके संबंध में जवाब देना चाहिए।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के विरोध में जिलेवार कैंडल मार्च निकालेंगे
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर जयपुर में कांग्रेस ने पीसीसी चीफ के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बिहार या अन्य राज्यों में वोटर लिस्ट में जो गड़बड़ी की गई है, उस पर चुनाव आयोग पर्दा डालने का काम कर रहा है। इसको लेकर कांग्रेस अब हस्ताक्षर अभियान भी चलाएगी। जिलेवार कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।
जूली बोले- फर्जीवाड़े पर चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- आपने देखा होगा। 65 लाख लोगों का वोट इन्होंने काट दिया। कोई वोट जोड़ा नहीं। एक घर में 100-100 लोग रह रहे हैं। एक नाम के कई व्यक्ति रहे हैं। एक पिता की कई संतानें हैं। इन्होंने फर्जीवाड़ा किया है। इस फर्जीवाड़े को राहुल गांधी सामने लेकर आए हैं। चुनाव आयोग को इसके संबंध में जवाब देना चाहिए।
गहलोत बोले- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर इलेक्शन कमीशन जवाब नहीं दे पा रहा
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा- वोटर लिस्ट में गड़बड़ी हो रही है। इलेक्शन कमीशन जवाब नहीं दे रहा। यह इतिहास में पहली बार हो रहा है। राहुल गांधी की बात छोड़ दीजिए। जब एक मीडिया हाउस मांग कर रहा है और शिकायत कर रहा है तो उसकी जांच होनी चाहिए। देश में हालात बड़े गंभीर है। बिहार में कुछ ऐसा ही हाल है। 60 लाख वोट काटे गए, पता नहीं किसके वोट काटे गए। सुप्रीम कोर्ट के जज भी देखते रह गए। 60 लाख वोट काटे, कितने जुड़े यह कोई नहीं बता पाया। इलेक्शन कमीशन यह नाटक पहली बार कर रहा है।हर नागरिक को, हर जवान को इस ओर सोचने की जरूरत है। पूरे मुल्क का मामला है। पूरे मुल्क को इस बात की चिंता करनी चाहिए। इसके विरोध में कितने लोग अपनी इच्छा से आए हैं। बड़ी संख्या में लोग आए हैं। आम जनता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुई है। यह सरकार और इलेक्शन कमीशन को मैसेज है।
इंडिया गठबंधन पूरे देश में चला रही आंदोलन
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा- राहुल गांधी ने लोकसभा में वोट चोरी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने इस मामले में टालमटोल की। केंद्र सरकार इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रही है। मार्च में कांग्रेस के विधायक, सांसद, प्रत्याशी और कार्यकर्ता भी हिस्सा लेंगे। इंडिया गठबंधन पूरे देश में इस मुद्दे पर आंदोलन चला रहा है। कांग्रेस का कहना है कि यह मार्च लोकतंत्र, संविधान और एक व्यक्ति एक वोट के अधिकार की रक्षा के लिए निकाला जा रहा है।
पूर्व मंत्री खाचरियावास बोले- BJP आम जनता के अधिकार खत्म करना चाहती है
पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बोले- ये हिंदुस्तान की जनता और बीजेपी की लड़ाई है। आम जनता के समझ में आ चुका है कि बीजेपी उनके अधिकार खत्म करना चाहती है। राजस्थान में टकराव शुरू हुआ है। भीड़ को देखकर अंदाजा लगा सकते हैं। यहां की सरकार भी फेल है। सीएम अपने विधानसभा क्षेत्र में भी घुस नहीं पा रहे। देश का बीजेपी से विश्वास उठ गया है। राहुल गांधी के साथ देश खड़ा है। इसी तरह से बेईमानी करते रहे तो खुद के पैर पर खुद कुल्हाड़ी मारेंगे।