कोटा। प्रदेश भर में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में ‘हर घर तिरंगा’-‘हर घर स्वच्छता’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में राष्ट्रीय ध्वज को समर्पित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत 15 अगस्त तक विविध गतिविधियां जन सहभागिता से कराई जा रही हैं।
मंगलवार को विद्यालयों, पंचायती राज संस्थाओं, स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों,नरेगा, एनजीओ एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा रैली निकाली। बच्चों ने बडे ही उत्साह के साथ रैली में देशभक्ति के जयघोष किए। सुजल गांव/सुजल शहर की शपथ भी ली गई। अमृत सरोवरों पर भी स्वच्छता का संकल्प लिया गया।
सभी वार्डों में लिया गया स्वच्छ सुजल शहर संकल्प- हर घर तिरंगा-हर घर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम कोटा उत्तर कार्यालय में मंगलवार से हस्ताक्षर अभियान प्रारंभ हुआ। आयुक्त अशोक कुमार त्यागी ने हस्ताक्षर कर इस अभियान का शुभारंभ किया। निगम कार्यालय के अलावा इस तरह के तिरंगा कैनवास नगर निगम कोटा उत्तर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर रखवाकर आमजन से भी हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। मंगलवार को नगर निगम कोटा उत्तर क्षेत्र के सभी 70 वार्डों में स्वच्छ सुजल शहर संकल्प सभाओं का भी आयोजन किया गया। इन सभाओं में संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य निरीक्षकों ने आमजन को स्वच्छता के प्रति सजग रहते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और जल का अपव्यय रोकने की दिशा में कार्य करने का संकल्प दिलाया।
सेवन वंडर्स से निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा- हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार सुबह 7 बजे सेवन वंडर्स पार्क से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा, विद्यार्थी, विभिन्न राजकीय विभागों के अधिकारी और कर्मचारी सम्मिलित होंगे। तिरंगा यात्रा सेवन वंडर्स पार्क से प्रारंभ होकर ज्वाला तोप होते हुए वापस सेवन वंडर्स पार्क लौटेगी। प्रातः 8 से 11 बजे तक तिरंगा ध्वज को हाथ में लेकर स्थानीय लोगों द्वारा प्रत्येक ग्राम, ढाणी, वार्ड में तिरंगा यात्रा का निकाली जाएगी। दोपहर 1 बजे से ‘‘हम एक साथ है’’ की भावना के साथ प्रत्येक पंचायत में बाईक रैली, साईकिल रैली, ट्रैक्टर रैली, प्रभात रैली का आयोजन होगा जिसमें स्थानीय लोक कलाकार एवं संगीतकार भी शामिल होंगे। पंचायती राज विभाग के समस्त भवनों, कार्यालयों, स्मारकों पर तिरंगा रंग की एलईडी लाईटिंग से सजावट, प्रमुख बाजारों में डेकोरेशन, दीया, रंगोली सजावट की जाएगी। इसी प्रकार देशभक्ति गीत प्रसारित करवाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत के मुख्य बाजार, पंचायत कार्यालय, राजीव गांधी सेवा केन्द्र, आंगनबाड़ी, बस स्टेंड आदि पर सुबह 8 बजे एक तिरंगा केनवास लगाया जाएगा जिस पर आमजन के हस्ताक्षर एवं देश के प्रति अपनी भावनाएं लिखी जा सकें।

कोटा : ‘हर घर तिरंगा’-‘हर घर स्वच्छता’ अभियान, रंगोली सजाई, तिरंगा रैली निकाली
ram