फर्जी दस्तावेज के आधार पर फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में दो आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

ram

टोंक। जिले में पाकिस्तान गये नागरिकों की जमीनों को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी को जयपुर से ही पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षैत्र के अरनिया केदार गांव में फर्जी दस्तावेज के आधार पर स्वयं की जमीन का खातेदार बनकर पांच फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में करीब 9 माह पूर्व राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा के निर्देश पर बनाई गई जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। कोतवाली थानाधिकारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया कि 4 सितम्बर 2024 को तत्कालीन उप-पंजीयन तहसीलदार टोंक रामधन गुर्जर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके कार्यालय में हुई फर्जी रजिस्ट्ररियों के संबंध में जिला कलेक्टर टोंक द्वारा गठित कमेटी द्वारा जांच की गई, जिसमें अरनिया केदार के खसरा नं. 88 व 1031 के संबंध में मूल खातेदार की जगह फर्जी व्यक्तियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर षडय़न्त्रपूर्वक रजिस्ट्ररियां करवाई गई है, दी गई रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। उन्होने बताया कि दौराने अनुसंधान तहसील कार्यालय, रजिस्ट्रार कार्यालय, प्रोद्योगिकी एवं संचार विभाग टोंक से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया व संबंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों से अनुसंधान किया गया। खसरा नं. 88 रकबा 19.1300 हैक्टर व खसरा नं. 1031 रकबा 0.7588 हैक्टर जमीन ग्राम अरनिया केदार जो कि सन् 1947 से राजस्व रिकार्ड के अनुसार पहमल पुत्र मोटूमल सिंधी निवासी टोंक एवं नाथूमल पुत्र चतुरमल सिंधी के नाम थी। आरोपियों द्वारा मूल खाताधारक के नाम से स्वयं फर्जी आधार कार्ड बनाकर विक्रेताओं को जमीन की रजिस्ट्री करवाना पाये जाने पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। आरोपी शोभाराम उर्फ मामा पुत्र बल्लूमल सिंधी (72) निवासी हीरापथ मानसरोवर जयपुर पुलिस थाना मानसरोवर जयपुर ने स्वंय को खातेदार नाथूमल पुत्र चतुरमल बनकर खसरा नं. 1031 की रजिस्ट्री कमलेश चौधरी के नाम करवाई गई है एवं नत्थू सिंधी पुत्र रजूमल सिंधी (56) निवासी छोटा तख्ता थाना कोतवाली जिला टोंक द्वारा षडय़न्त्र रचकर मुरली सिंधी निवासी जयपुर के साथ मिलकर फर्जी खातेदार तैयार किये गये। दोनों आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया गया, जिन्हें सोमवार को न्यायालय में पेश कर दोनों को एक दिन की पुलिस अभिरक्षा रिमाण्ड प्राप्त किया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश व अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *