जिला कलक्टर ने बहरोड़ के खोहरी में रात्रि चौपाल आयोजित कर आमजन के सुने परिवाद

ram

कोटपूतली-बहरोड़। जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा कि आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए रात्रि चौपाल व जनसुनवाई के माध्यम से आमजन के बीच जाकर उनके परीवादों का संवेदनशीलता व गुणवत्ता के साथ समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाएं अधिकारीगण।
जिला कलक्टर ने शनिवार को उपखंड बहरोड़ की ग्राम पंचायत खोहरी में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन के परिवाद सुनकर नियमानुसार मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए. जिला कलक्टर ने समस्त अधिकारियों को प्रत्येक परिवेदना पर प्रभावी कार्यवाही करने सहित उसका अपडेट रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि विभागों की योजनाओं के बारे में आमजन को अधिकतम जागरूक करें ताकि सरकार की मंशानुरूप अंतिम छोर तक व्यक्ति को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके। इस दिशा में सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अपने विभाग की योजनाओं और सेवाओं का समुचित प्रचार-प्रसार करें।

उन्होंने संपर्क पोर्टल, सीएमओ-पीएमओ से प्राप्त शिकायतों, रात्रि चौपाल व जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली परिवेदनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में पेयजल संबंधी परिवाद प्राप्त होने पर जिला कलक्टर ने पीएचईडी के अधिकारियों को गर्मी के मौसम के मध्यनजर निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं आवश्यक स्थानों का चिन्हीकरण कर अविलंब टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने, ट्यूबवेल व बोरवेल खराबी की समस्या प्राप्त होने या पाइपलाइन लीकेज की जानकारी प्राप्त होने पर तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान विभिन्न परिवादी बिजली, पेयजल, सड़क, अतिक्रमण, सीमांकन, गिरदावरी, पुलिस, चिकित्सा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, पट्टा, शिक्षा, पेंशन की समस्याओं को लेकर पहुंचे। जिला कलेक्टर के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में मौजूदा आमजन को विस्तार से जानकारी प्रदान की.

जिला कलक्टर ने जिले के सभी नागरिकों को अधिकाधिक संख्या में जनसुनवाई व रात्रि चौपाल का लाभ लेने की अपील की है। जिला कलेक्टर ने रात्रि चौपाल के बाद आमजन के बीच रहते हुए बहरोड़ में ही रात्रि विश्राम किया. रात्रि चौपाल के दौरान उपखंड अधिकारी बहरोड़ राम किशोर मीणा सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *