झालावाड़। निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए राजनैतिक दलों की सहभागिता यथा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर राजनैतिक दलों द्वारा बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतदाता सूची में लिंगानुपात एवं चुनावी आबादी अनुपात (ईपी) में सुधार के संबंध में मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीएम) झालावाड़ अभिषेक चारण की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मिनी सचिवालय में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल अपने अध्यक्ष, सचिव या अन्य किसी पदाधिकारी द्वारा संपूर्ण जिले के लिए एक अथवा विधानसभा क्षेत्रों के लिए पृथक-पृथक अपना अधिकृत प्रतिनिधि फॉर्म-बीएलए-1 द्वारा अधिकृत कर सकता है। जिससे वो आगे प्रत्येक भाग के लिए फॉर्म बीएलए 2 में बूथ लेवल एजेन्ट अधिकृत कर सकें। अधिकृत बूथ लेवल एजेन्ट पुनरीक्षण अभियान अवधि में उस भाग की मतदाता सूची संबंधित बीएलओ से प्राप्त करने के लिए अधिकृत होगा।
बीएलए-1 द्वारा नियुक्त अधिकृत प्रतिनिधि अपने हस्ताक्षर से बीएलए 2 फार्म भरकर प्रत्येक बूथ के लिए एक बूथ लेवल एजेन्ट अधिकृत कर सकता है। उन्होंने बताया कि एक भाग संख्या के लिए एक बूथ लेवल एजेन्ट नियुक्त किया जाना है, जो उसी भाग का मतदाता हो, जिसमें उसे नियुक्त किया गया है। जिससे वो उस भाग में सम्मिलित किए जाने वाले, हटाए जाने वाले एवं शिफ्ट होने वाले नामों की जांच कर सके।
एक बार बीएलए अधिकृत होने पर बाद के वर्षों में वह व्यक्ति तब तक बीएलए अधिकृत रहेगा जब तक कि संबंधित दल द्वारा उसे प्रत्याहरित नहीं कर लिया जाए या वह व्यक्ति उस भाग संख्या का मतदाता नहीं रहे, जिसके लिए उसे अधिकृत किया गया था।
बीएलए द्वारा संबंधित भाग के मृत एवं स्थानान्तरित मतदाताओं की सूची निर्धारित फॉर्मेट में अन्डरटेकिंग सहित तैयार कर संबंधित बीएलओ को अग्रिम कार्यवाही के लिए उपलब्ध करवाई जा सकेगी। साथ ही बीएलए संबंधित भाग के मतदाताओं को समय-समय पर मतदान प्रक्रिया के संबंध में जागरूक भी करेगा। राजनीतिक दल अगर चाहे तो उनके द्वारा नियुक्त किए गए बीएलए को फोटो परिचय-पत्र स्वयं के स्तर पर उपलब्ध करवा सकती हैं जिस पर उनको नियुक्त करने वाले पार्टी के अधिकृत पदाधिकारी के हस्ताक्षर होने चाहिए।
बैठक में राजनैतिक दल इण्डियन नेशनल कांग्रेस से ओम पाठक, भारतीय जनता पार्टी से नन्दलाल वर्मा, आम आदमी पार्टी से राजेन्द्र वास्तव आदि उपस्थित रहे।

बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की नियुक्ति के संबंध में बैठक हुई सम्पन्न
ram


