‘महासागरों की निगरानी के लिए भारत के पास प्रभावी तंत्र’, नौसेना प्रमुख बोले- हमारी हर गतिविधि पर कड़ी नजर

ram

नई दिल्ली। नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा है कि भारत के पास महासागरों की निगरानी के लिए प्रभावी तंत्र है। भारत इस बात से पूरी तरह से अवगत है कि ‘कौन कहां है और क्या कर रहा है’ ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि देश के हितों के साथ कोई समझौता न हो। भारतीय नौसेना द्वारा शुक्रवार शाम आयोजित राष्ट्रव्यापी क्विज प्रतियोगिता ‘थिनक्यू 2024’ के ग्रैंड फिनाले के बाद त्रिपाठी ने यह भी कहा कि भारत अपने ‘हित के क्षेत्र’ में गतिविधियों पर ‘कड़ी नजर’ रखता है। नौसेना प्रमुख ने कहा, चीन दुनिया के किसी भी हिस्से में जो कुछ भी करता है, उसे करने दें। वे हमारे हित वाले क्षेत्र में क्या करते हैं, हम उस पर कड़ी नजर रख रहे हैं। हमारे हिस्से में ऐसा कुछ भी नहीं होता है जिसके बारे में हमें पता न हो। नौसेना प्रमुख ने कहा कि नवाचार नौसेना की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। त्रिपाठी ने यह भी कहा कि भारतीय नौसेना को उन दो युवा महिला नौसेना अधिकारियों पर गर्व है जो ‘नाविका सागर परिक्रमा-2’ के तहत एक नाव में सवार होकर विश्व का चक्कर लगाने के मिशन पर हैं। यह चुनौतीपूर्ण यात्रा है, क्योंकि उन्हें समुद्र और खराब मौसम का सामना करना पड़ेगा, लेकिन वे अच्छी तरह से प्रशिक्षित हैं। थिनक्यू 2024 के लिए देशभर के 3,800 शहरों और कस्बों से 12,600 स्कूलों ने भाग लिया। 16 टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया, और आठ टीमों ने आयोजित ग्रैंड फिनाले में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *