पावटा। कस्बा समेत आसपास के गांवों में गुरुवार को दीपावली का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया है। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में पावटा – प्रागपुरा क्षेत्र के बाजारों में लोगों की दिनभर चहल पहल रही, वहीं लोगों ने मिठाइयां चाइनीज लड़ियों व अन्य सामानों की जमकर खरीददारी की। इस मौके पर लोगों नेट जहां अपने घरों में महालक्ष्मी का पूजन कर दीप जलाए, तो वहीं रात में रंग-बिरंगी रोशनियों और आतिशबाजी से आसमान जगमग हो गया और हर तरफ सिर्फ रोशनी और खुशहाली नजर आई। पावटा क्षेत्र में दीपावली पर सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। लोग सुबह से ही लक्ष्मीजी के पूजन के लिए अपनी दुकानों, मकानों की सफाई करते देखे गए। ठेले वाले अशोक के पत्ते, माला आदि लेकर खड़े हो गए थे। लोगों ने पत्ते, फूल आदि खरीदकर दुकानों, मकानों पर सजाए। लोगों ने अपनी दुकानों, मकानों और ऑफिसों में लक्ष्मी जी का पूजन पूरे विधि विधान से किया।
शाम होते ही दीपावली की असली चमक नजर आई। रात 08 बजे लोगों ने शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजन कर दीप जलाए, फिर बच्चों-बड़ों ने जमकर पटाखे चलाए। लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते नजर आए। दीपावली के दिन भी लोग रात तक बाजारों में खरीदारी करते नजर आए। दीपावली पर बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों सभी में गजब का उत्साह दिखा। इस बार दीपावली पर बाजारों में भी पिछले सालों की तुलना में अधिक कारोबार हुआ और दीपावली के दिन व्यापारियों के चेहरे पर भी यह खुशी साफ दिखी। सुबह से दिवाली की तैयारी कर रहे लोगों ने शाम को मां लक्ष्मी की पूजा के बाद बाजारों का रुख किया। देर रात तक बाजारों में खानपान और खरीदारी का दौर चलता रहा। कस्बा के प्रमुख स्थान जैसे पावटा का घंटाघर, गंगा सागर तालाब स्थित सुभाष चौक, प्रागपुरा का आजाद चौक, होली चौक आदि सभी जगह विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की गई। सभी सरकारी दफ्तरों और निवासों पर भी लाइटिंग देखते ही बन रही थी। बाजारों में लोग देर रात तक फूल, रंग-बिरंगी लाइट्स, रंगोली खरीदते नजर आए। बाजारों में दीयों, तोरण, और रंग-बिरंगी सजावट के सामानों की देर तक बिक्री होती रही।


