जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज सोमवार को संगठन पर्व सक्रिय सदस्यता एवं संगठनात्मक चुनाव प्रदेश कार्यशाला प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड की अध्यक्षता में और मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में आयोजित की गई। कार्यशाला में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, प्रदेश चुनाव प्रभारी नारायण पंचारिया, सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक डॉ अरूण चतुर्वेदी और सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक ओंकार सिंह लखावत के मुख्य अतिथ्य में 2 सत्रों में आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्षों के साथ जिला प्रभारी और भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों को गति देते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया। सीएम शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही राष्ट्र प्रथम की नीति पर कार्य करने वाली राजनीतिक पार्टी है। भाजपा में जहां देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए कार्य किया जाता है, वहीं आतंरिक लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए संगठन के कार्यों को भी लोकतांत्रिक रूप से पूरा किया जाता है। भाजपा में बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सक्रिय सदस्यों को ही पदाधिकारी बनाया जाता है। ऐसे में हम सभी को प्राथमिक सदस्य के साथ सक्रिय सदस्यता भी ग्रहण करनी चाहिए। संगठन पर्व चुनाव में बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष के बाद प्रदेशाध्यक्ष और फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सक्रिय सदस्य अपनी भूमिका निभाते है। इस लिए हर कार्यकर्ता को निष्पक्षता से आगे बढ़ाने के साथ सक्रिय सदस्य भी बनाने है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की पंच निष्ठाओं को मानते हुए कार्यकर्ता पार्टी की रीति और नीति पर विश्वास करता है। इन ही कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भाजपा सुदृढ़ संगठन बन पाया है। भाजपा देश के अन्य राजनीतिक दलों से पूर्ण रूप से भिन्न है क्योंकि यहां पारदर्शी रूप से आतंरिक लोकतंत्र की कार्य पद्धती पर कार्य किया जाता है। भाजपा के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को उपचुनावों के साथ संगठन चुनावों की भी जिम्मेदारी निभानी होगी। राठौड़ ने कहा कि उपचुनावों में भाजपा की सभी सातों सीटों पर जीत से जहां सरकार को ओर अधिक मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर कार्यकर्ताओं के उत्साह में भी अभूतपूर्व वृद्धि देखने को मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यशाला के माध्यम से 29 अक्टूबर को प्रदेशभर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन करने का आह्वान किया। राठौड़ ने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती के उपलक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अक्टूबर देश की एकता के लिए रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन करने का आह्वान किया है। ऐसे में राजस्थान के सभी जिला मुख्यालयों पर भी मंगलवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सहभागिता से किया जाएगा।



