पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी बारिश के बाद बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा, हुगली, बीरभूम, पश्चिम मिदनापुर, पूर्वी मिदनापुर, झारग्राम, बांकुरा, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और पूर्वी बर्दवान जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सलाहकार अलपन बंद्योपाध्याय ने कहा कि भारी बारिश हुई है और डीवीसी दामोदर नदी पर पंचेत बांध और बराकर नदी पर मैथन बांध से पानी छोड़ रहा है। पश्चिम बंगाल के गंगा तट पर बने गहरे दबाव के कारण सप्ताहांत और सोमवार को दक्षिण बंगाल में भारी बारिश हुई। मौसम प्रणाली सोमवार को झारखंड की ओर बढ़ गई।
हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण कुल 54 सड़कों पर आवाजाही बंद है और बिजली आपूर्ति बाधित है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने यह जानकारी दी। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को राज्य के छह जिलों के अलग-अलग इलाकों में आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम से राज्य में मौसम काफी हद तक शुष्क रहा हालांकि बैजनाथ और डलहौजी जैसे कुछ स्थानों को छोड़कर, जहां क्रमश: चार मिलीमीटर (मिमी) और एक मिमी बारिश हुई।



