कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश के आरोप में भाजपा कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज

ram

मणिपाल में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया का पुतला जलाने की कोशिश के आरोप में मणिपाल पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता कुंदापुर में एक शिक्षक से राज्य पुरस्कार वापस लिए जाने के विरोध में उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के लिए छह सितंबर को यहां सिंडिकेट सर्कल पर जमा हुए थे और उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकालना चाहते थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बाद में कार्यकर्ता एक पुतला और एक तस्वीर ले आए। वह मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले पुतले को चप्पल जूते से पीटना और जलाना चाहते थे। इस पर पुलिस ने दखल दिया और कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन रोकने को कहा। हालांकि कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम जारी रखा जिसके बाद पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में बड़ा जमावड़ा आयोजित करने या जुलूस निकालने के संबंध में पुलिस से अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता गिरीश अंचन और पृथ्वीराज शेट्टी बिल्लादी को सार्वजनिक रूप से इस कृत्य को अंजाम देने के लिए प्राथमिकी में नामजद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *