डीडवाना विधानसभा क्षेत्र में मापदण्ड़ों के आधार पर मेडिकल कॉलेज खोलने पर विचार : चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री

ram

जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि डीडवाना विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए निर्धारित मापदण्ड़ों के आधार पर परीक्षण कर निर्णय लिया जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा राजपत्रित और अराजपत्रित संवर्ग में 55 हजार भर्तियां की जा रही हैं। भर्तियों के बाद प्रदेश के चिकित्सालयों में रिक्त पदों को यथा संभव भर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 5 हजार पदों पर भर्ती की जा चुकी हैं, जिसके तहत डीडवाना-कुचामन में 11 चिकित्सक, 52 लेब टेक्नीशियन और 23 सहायक रेडियोग्राफर नियुक्त किये गये हैं।

इससे पहले विधायक युनूस खान के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र डीडवाना में 01 जिला चिकित्सालय, 07 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 21 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं 89 उप स्वास्थ्य केन्द्र संचालित है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र डीडवाना में संचालित चिकित्सा संस्थानों में राजपत्रित संवर्ग में 128 स्वीकृत पदों में से 74 कार्यरत एवं 54 रिक्त है। इसी प्रकार अराजपत्रित संवर्ग में 2389 स्वीकृत पदों में से 1305 कार्यरत है और 1084 रिक्त पद है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिला डीडवाना-कुचामन में जुलाई माह में 11 चिकित्सक, 52 लेब टेक्नीशियन व 23 सहायक रेडियोग्राफर का पदस्थापन किया गया। शेष रिक्त पदों पर विभागीय भर्तियों और पदोन्नति के माध्यम से भरे जाने का प्रयास किया जायेगा।

खींवसर ने बताया कि चिकित्सा अधिकारी के 1220 रिक्त पदों को भरने हेतु अर्थना राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर को प्रेषित की गई। चिकित्सा अधिकारी (दन्त) के 209 पदों हेतु प्रवेश भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर के 8750, फार्मासिस्ट के 3067, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 4847 पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। भर्ती पूर्ण होने पर उपलब्ध होने वाले कार्मिकों से रिक्त पदों को भरे जाने पर विचार किया जा सकेगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र डीडवाना में 01 जिला चिकित्सालय, 05 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं 74 उप स्वास्थ्य केन्द्र स्वयं के भवन में संचालित है। इस विधानसभा क्षेत्र में स्थित 02 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 05 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं 15 उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन विहिन है तथा 20 उप स्वास्थ्य केन्द्र किराये के भवन में संचालित है व 17 उप स्वास्थ्य केन्द्रो के भवन जर्जर अवस्था में है। भूमि एवं वित्तीय संसाधनों की उपलब्घता के अनुसार आगामी वित्तीय वर्षों में भवनों का निर्माण किये जाने पर विचार किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डीडवाना-कुचामन की रिपोर्ट अनुसार विधानसभा क्षेत्र डीडवाना में संचालित सभी चिकित्सा संस्थानों में उपकरण क्रियाशील है तथा मशीनें खराब होने पर आरएमएससीएल द्वारा अनुबंधित एजेन्सी द्वारा समयबद्ध रूप से पुनः मशीनों को क्रियाशील कर दिया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *