आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी को हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में भी कुछ खास सफलता नहीं मिली। उसके बाद पार्टी के लिए परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई बड़े नेता पार्टी छोड़ भी रहे हैं। इन सबके बीच पार्टी के लिए पंजाब से बेहद ही अच्छी खबर आई है। इसकी वजह से पार्टी के उत्साह में बढ़ोतरी हो सकती है। पार्टी के कार्यकर्ताओं में जश्न और उमंग का संचार हो सकता है। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने पंजाब के उपचुनाव में जीत हासिल की है। जालंधर पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मोहिंदर भगत ने अपना परचम लहराया है।
इसी पर बड़ा बयान देते हुए आप नेता संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी को ‘वरदान’ मिला है कि जो भी आम आदमी पार्टी से गद्दारी करेगा, जनता उसे चुनाव में बुरी तरह हरा देगी और उसका राजनीतिक करियर खत्म हो जाएगा। जो भी आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुआ, उसका राजनीतिक करियर खत्म हो गया। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने आप छोड़ दी और चुनाव हार गए, शीतल ने आप छोड़ दी और वह भी चुनाव हार गए। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी एक परिवार है, सभी को एक साथ रहना चाहिए। संकट के समय में हमें साथ रहना चाहिए, हम बड़ी से बड़ी लड़ाई भी जीतेंगे। मैं पंजाब के सीएम और पार्टी कार्यकर्ताओं को इस बड़ी जीत के लिए बधाई देना चाहता हूं।