हीटस्ट्रोक से 4 दिन में 7 राज्यों में 320 मौतें

ram

नई दिल्ली। देश में गर्मी और हीटस्ट्रोक से पिछले चार दिन में 320 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। पिछले तीन दिनों में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा करीब 100 लोगों की जान गई है। बिहार में पिछले 3 दिनों में हीटवेव से 69 लोगों की मौत हुई। UP-बिहार में शुक्रवार को करीब 40 लोगों की मौत की खबर है। इनमें 25 लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारी और अधिकारी हैं।

पिछले 4 दिन में राजस्थान में गर्मी के चलते 60, झारखंड में 37, ओडिशा में 18, मध्य प्रदेश में 2 और दिल्ली में एक व्यक्ति की मौत हुई। झारखंड के अस्पतालों में 1,326 लोग भर्ती हैं। कई स्थानों पर हीटस्ट्रोक से जुड़े वार्ड में जगह नहीं बची है।

शुक्रवार को यूपी के मिर्जापुर में एक जून को मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जा रहा था। इस दौरान दोपहर में अचानक होमगार्ड, सिपाही, PAC के जवान और पैरामिलिट्री के जवान बेहोश होने लगे। कुछ पोलिंग पार्टी के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचकर बेहोश हो गए।

14 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट
IMD के मुताबिक, शुक्रवार को कानपुर में देश का सबसे ज्यादा तापमान 48.2°C दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा का सिरसा दूसरे नंबर पर रहा, यहां पारा 47.8°C रहा। दिल्ली के आयानगर का पारा 47°C दर्ज किया गया।

शनिवार (1 जून) को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और हिमाचल में हीटवेव का अनुमान है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में दिन के साथ रात भी गर्म रहेगा। गोवा, तेलंगाना में उमस भरी गर्मी की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *