बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी का निधन, कैंसर का चल रहा था इलाज

ram

पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व सांसद सुशील कुमार मोदी का सोमवार देर रात निधन हो गया है। सुशील मोदी ने दिल्ली एम्स में 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली।

बता दें कि सुशील मोदी काफी लंब समय से कैंसर से पीड़ित थे। बीते दिनों उन्होंने पटना के एम्स में अपना चेकअप भी करवाया था। वहीं, सोमवार रात 9.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि सुशील मोदी प्राइवेट वॉर्ड में भर्ती थे।

डिप्टी सीएम ने एक्स पर दी जानकारी
बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने एक्स पर सुशील मोदी के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे। पूरे भाजपा संगठन परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे असंख्य कार्यकताओं के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है”।

उन्होंने आगे लिखा कि अपने संगठन कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक राजनीतिक विषयों पर अपनी गहरी जानकारी के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में सम्बल प्रदान करें।

अमित शाह ने एक्स पर लिखा- हमने राजनीति के महान पुरोधा को खो दिया
सुशील कुमार मोदी के निधन पर अमित शाह ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। ABVP से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया।

उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति”

तेज प्रताप यादव ने दी श्रद्धांजलि
तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे, ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति और परिजनों को इस शोक की घड़ी में सम्बल प्रदान करे।
बिहार बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने लिखा, बिहार और भाजपा के कद्दावर नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री और मेरे स्नेहिल बड़े भाई सुशील मोदी जी का निधन बहुत ही दु:खद है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने और भाजपा के विस्तार में उनकी बहुत बड़ी भूमिका थी। उनका असमय निधन से मैं बहुत मर्माहत हूं। यह उनके जाने का समय नहीं था। मेरी बहुत विनम्र श्रद्धांजलि!

लालू यादव ने सुशील मोदी के निधन पर दुख प्रकट किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

सुशील मोदी के बारे में जानिए
सुशील मोदी का जन्म 5 जनवरी, 1952 को पटना जिले में एक मारवाड़ी (वैश्य बनिया) परिवार में हुआ। बहुत कम लोग जानते हैं कि सुशील मोदी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आजीवन सदस्य हैं। जेपी आंदोलन में विद्यार्थी नेता के रूप में उभरे सुशील मोदी ने राजनीति में करीब पांच दशक का एक लंबा सफर तय किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *