जयपुर। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तरीय समारोह जयपुर के एसएमएस स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां सैकड़ों की संख्या में योग साधक, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, पुलिसकर्मी, होमगार्ड जवान, एनसीसी कैडेट, विद्यार्थी और आमजन ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा उम्मीदवार अल्का गुर्जर, उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा जयपुर की निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर मौजूद रहे। सुबह छह बजे शुरू हुए कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया, जिसके बाद सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जयपुर के एसएमएस स्टेडियम के अलावा अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट, जलमहल, आमेर फोर्ट और जंतर-मंतर सहित कई प्रमुख पर्यटन एवं सांस्कृतिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों लोगों ने भागीदारी निभाई।
कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ एनसीसी, सीआरपीएफ, पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी योगाभ्यास किया। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने उपस्थित लोगों को नियमित योग करने का संकल्प दिलाते हुए योग को स्वस्थ शरीर, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली का आधार बताया।
वहीं, जोधपुर में सम्राट अशोक उद्यान में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इसमें शिक्षा एवं जिला प्रभारी मंत्री मदन दिलावर, कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद एवं जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। उधर, भीलवाड़ा में बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आयुष विभाग ने जिला स्तरीय योग समारोह का स्थल बदल दिया। पूर्व निर्धारित चित्रकूट धाम नगर निगम की जगह कार्यक्रम का आयोजन शांति भवन, हेड पोस्ट ऑफिस के पास किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।



