-माय भारत पोर्टल पर 30 सितंबर तक ऑनलाइन क्विज में भागीदारी, जनवरी में नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय संवाद
जयपुर। देश के युवाओं के अभिनव विचारों, नवाचार और रचनात्मक सोच को नीति-निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027’ का आयोजन किया जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए ‘माय भारत’ पोर्टल पर डिजिटल स्तर से प्रक्रिया शुरू हो गई है।
कार्यक्रम में देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न चरणों के माध्यम से चयनित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसकी शुरुआत ‘विकसित भारत क्विज’ से होगी। ऑनलाइन क्विज में भागीदारी के बाद चयनित प्रतिभागी अगले चरण में विकसित भारत निबंध चुनौती में शामिल होंगे।
निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को दिए गए 10 विषयों में से किसी एक विषय पर 500 शब्दों का निबंध पोर्टल पर जमा करना होगा। निबंध के आधार पर शीर्ष प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर चैंपियनशिप होगी, जिसमें प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन प्रेजेंटेशन (PPT) राउंड के लिए किया जाएगा। जिला स्तर के शीर्ष दो प्रतिभागी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के बीच प्रेजेंटेशन राउंड के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के लिए राज्य/यूटी टीम में शामिल किया जाएगा। अंतिम चरण में चयनित फाइनलिस्ट नई दिल्ली में विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
युवा प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर: इस पहल के जरिए युवाओं को केवल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि उनके विचारों और सुझावों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का भी मौका मिलेगा। इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं।



