विश्व विख्यात 642वें बाबा रामदेवरा मेले का विधिवत शुभारम्भ रविवार को

ram

जैसलमेर। लोक देवता बाबा श्री रामदेव जी की अवतरण तिथि भादवा शुक्ल पक्ष द्वितीया, रविवार 13 सितम्बर से विश्व विख्यात अन्तरप्रान्तीय बाबा रामदेवरा मेला विधिवत रूप से प्रारम्भ होगा। रामदेवरा स्थित बाबा की समाधि पर ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती एवं स्वर्ण मुकुट प्रतिष्ठापन के साथ 642वें वार्षिक भादवा मेले का विधिवत शुभारम्भ होगा। मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं मेला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

       जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की संभावित भारी आवक को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं समय रहते प्रारम्भ कर दी गई थीं। कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, सफाई, यातायात, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। मेले की प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी के लिए क्लोज सर्किट कैमरे लगाए गए हैं।

       उन्होंने बताया कि भादवा शुक्ल द्वितीया के अवसर पर बाबा की समाधि के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए कतार व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है, ताकि सभी भक्तजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से दर्शन कर सकें। रामसरोवर तालाब पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कुशल तैराकों को मोटर बोट सहित चौबीस घंटे तैनात किया गया है।

       जिला कलक्टर ने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग मेलाधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण, विकास अधिकारी एवं सहायक मेलाधिकारी महावीर बेनीवाल, सरपंच रामदेवरा समंदर सिंह तंवर, ग्राम विकास अधिकारी चौथाराम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी कर रहे हैं।

सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

       जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि मेले में आने वाले लाखों जातरुओं की सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही कतार व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सादा वर्दी में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। रामसरोवर तालाब एवं मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं।

चौबीस घंटे खुले रहेंगे मंदिर के कपाट, सुगम दर्शन की व्यवस्था

       मेलाधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण ने बताया कि रामदेवरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है। श्रद्धालु लंबी कतारों में अनुशासित ढंग से अपनी बारी के अनुसार बाबा रामसापीर की समाधि के दर्शन कर रहे हैं। भादवा शुक्ल द्वितीया के दिन संभावित भारी भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। निज मंदिर चौबीस घंटे खुला रहेगा, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिलेगी।

       उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए पृथक-पृथक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। बड़ी गाड़ियों, छोटे वाहनों एवं दुपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों पर टेंट एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। मेलार्थियों के लिए पर्याप्त संख्या में अस्थायी एवं चल शौचालय स्थापित किए गए हैं।

पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था पर विशेष फोकस

       मेले में श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलदाय विभाग द्वारा कतार स्थलों पर टोंटियों वाले टैंकर लगाए गए हैं। स्काउट-गाइड के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को शीतल एवं मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

      विद्युत विभाग द्वारा मेले में चौबीस घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं तथा एक ट्रांसफॉर्मर रिजर्व में रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विद्युत व्यवस्था बहाल की जा सके। रामसरोवर तालाब पर मास्क लाइट की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

सात जोन में सफाई व्यवस्था, सूचना केन्द्रों से मिल रही सहायता

       विकास अधिकारी ने बताया कि रामदेवरा में सफाई व्यवस्था को सात जोन में विभाजित कर पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सफाई दलों द्वारा मेला क्षेत्र को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

      श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सूचना केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केन्द्रों के माध्यम से बिछड़े हुए परिजनों को मिलाने के साथ ही श्रद्धालुओं को जेबकतरों से सावधान रहने एवं अपने सामान की स्वयं सुरक्षा करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मेलाधिकारी के आवश्यक संदेशों का प्रसारण भी किया जा रहा है।

खाद्य सामग्री की नियमित जांच

      मेलार्थियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसके लिए खाद्य पदार्थों के नियमित सैंपल लिए जा रहे हैं तथा खाद्य निरीक्षकों द्वारा दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। चिकित्सा विभाग द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

      मेले में मंदिर समिति द्वारा भी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी लगातार मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *