जयपुर। जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने रविवार को टोंक जिले की नगरपालिका मालपुरा में घाटी रोड पर 50 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले जिला अस्पताल भवन व 6 करोड़ रुपए की राशि से जयपुर रोड से सुईवालों की ढाणी मोड की ओर बनने वाली फोरलेन रोड मय डिवाइडर का विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जलदाय मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के विकास में उनकी ओर से किसी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व राजस्थान निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। जिन-जिन विकास कार्यों का शिलान्यास हो रहा है, लोकार्पण भी हमारी सरकार ही करेगी। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार विधानसभा में संपूर्ण राजस्थान की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मालपुरा में लगभग 1500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य होंगे। इसमें पेयजल लाइनें, 100 करोड़ से ब्रह्म तालाब का सौंदर्यकरण, भूमिगत विद्युत लाइन, सड़क निर्माण, सीवरेज लाइन डालने, पशु चिकित्सालय का नवीन भवन बनाने, आईटीआई की स्थापना सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल है। जयपुर-भीलवाड़ा राज्य मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने का प्रयास भी हमारी सरकार कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुलभ हो सके। उन्होंने कहा कि मालपुरा नगरपालिका क्षेत्र में गत चार महीनों में लगभग 167 पीएम आवास योजना स्वीकृत किए हैं। जिससे गरीबों को रहने के लिए छत मिलेगी। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने फसल बीमा योजना से किसानों को संबल प्रदान करने का कार्य किया है। फसल खराबे पर किसानों को मुआवजा देकर राहत दी जा रही है। इसी के तहत मालपुरा क्षेत्र में लगभग 140 करोड रुपए का मुआवजा किसानों के खातों में पहुंचा है। मालपुरा में जिला अस्पताल बनने से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए जिला व राजधानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे सभी प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं जिला अस्पताल में उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पद भी जल्द ही भरने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शहरवासियों को परिवार के सदस्यों की संख्या के बराबर पौधे लगाकर उनके बड़े होने तक देखभाल करने पर जोर दिया। समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपए की किस्त के चेकों का वितरण किया। जिला अस्पताल की सौगात देने पर शहरवासियों की ओर से कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी का 51 किलो की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। कैबिनेट मंत्री ने भी हाथ जोड़कर व सिर झुकाकर सभी शहरवासियों का आभार प्रकट किया।

जलदाय मंत्री श्री कन्हैया लाल चौधरी ने टोंक के मालपुरा को दी विकास की सौगात, 56 करोड़ के जिला अस्पताल और फोरलेन सड़क का किया शिलान्यास
ram


