नई दिल्ली। वीवो इस महीने अपनी Vivo X300 सीरीज के दो नए फोन लॉन्च करने वाला है। कंपनी ने हाल ही में कन्फर्म किया है कि Vivo X300 Ultra और Vivo X300 FE, दोनों ही डिवाइस 6 मई को भारत में लॉन्च होंगे। इन दोनों डिवाइस की सेल 14 मई से शुरू होगी। टीजर और हालिया रिपोर्ट्स में इन दोनों डिवाइस के लगभग सभी फीचर्स सामने आ गए हैं। चलिए जानते हैं कि इन अपकमिंग Vivo X300 Ultra और Vivo X300 FE में क्या कुछ खास देखने को मिलने वाला है।
Vivo X300 FE के स्पेसिफिकेशन्स
पहले सीरीज के कॉम्पैक्ट मॉडल X300 FE की बात करें तो ये एक नए ग्रीन कलर वेरिएंट में आएगा, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि ये सिर्फ भारत के लिए ही उपलब्ध होगा। टीजर से ये भी कन्फर्म हो गया है कि डिवाइस में स्नैपड्रैगन 8 Gen 5 चिपसेट मिलेगा। फोन में 6.31-इंच का 1.5K LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलेगा जिसके साथ 120Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट भी मिलेगा। डिवाइस में 6,500mAh बैटरी, 90W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट भी मिलेगा। फोन Lilac Purple, Noir Black और Urban Olive कलर में आएगा। फोटोग्राफी के लिए डिवाइस में ट्रिपल कैमरा मिलेगा, जिसमें 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 50-मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस और 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलेगा।
Vivo X300 Ultra के स्पेसिफिकेशन्स
सीरीज में अल्ट्रा मॉडल सबसे खास होगा जिसमें 6.82-इंच का 2K LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलेगा। डिवाइस में 144Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलेगा। फोन में 3,000 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस हो सकती है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में स्नैपड्रैगन 8 Elite Gen 5 चिपसेट मिलेगा। साथ ही डिवाइस में 16GB तक RAM और 1TB तक स्टोरेज मिलेगी। इसके अलावा फोन में 6600 mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग मिलेगी। फोटोग्राफी के लिए अल्ट्रा मॉडल में 200-मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा, 200-मेगापिक्सल के पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस मिलेगा। इतना ही नहीं X300 FE और X300 Ultra दोनों ही एक्सटर्नल टेलीफोटो एक्सटेंडर सपोर्ट के साथ आएंगे, जिसे Vivo एक अनोखे कैमरा फीचर के तौर पर प्रमोट करता दिख रहा है।
Vivo X300 Ultra और Vivo X300 FE की संभावित कीमत
रिपोर्ट्स के मुताबिक Vivo X300 Ultra लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये की कीमत पर लॉन्च हो सकता है, जबकि Vivo X300 FE की शुरुआती कीमत लगभग 80 हजार रुपये होने की उम्मीद है। दोनों फोन लॉन्च के बाद Amazon, Flipkart और Vivo के ई-स्टोर सहित कई प्लेटफॉर्म पर खरीदने के लिए उपलब्ध होंगे।



