चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित शहरी सेवा शिविर आमजन को त्वरित राहत एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य को सार्थक रूप से साकार कर रहे हैं। इसी क्रम में सुजानगढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर में गांधी बस्ती के दो दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार हुआ। ब्लॉक सामाजिक सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि शिविर में दिव्यांग मुकेश कुमार व दिव्यांग झाबरमल ने उपस्थित होकर अपनी व्यथा बताई, जिस पर संबंधित अधिकारियों ने आवेदन दस्तावेजों की जानकारी देते हुए आवेदन करवाया। आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच, आवश्यक सत्यापन एवं पात्रता सुनिश्चित कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई और शिविर में ही दिव्यांग मुकेश कुमार को व्हीलचेयर व दिव्यांग झाबरमल को ट्राई साइकिल प्रदान की। सहायक उपकरण मिलने से दोनों दिव्यांगजनों के दैनिक आवागमन और जीवनयापन में बड़ी सुविधा मिलेगी। ट्राई साइकिल एवं व्हीलचेयर प्राप्त करने के बाद दोनों लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शहरी सेवा शिविर बना दिव्यांगजनों के लिए उम्मीद की नई किरण: सुजानगढ़ नगरपरिषद में आयोजित शिविर में दिव्यांग मुकेश कुमार को मिली व्हीलचेयर व दिव्यांग झाबरमल को मिली ट्राई साइकिल तो चेहरे पर आई मुस्कान
ram


