नगरीय निकाय आम चुनाव-2026: जिले के सभी छह निकायों में आज होगी मतगणना, सभी तैयारियां पूरी

ram

​बारां। जिले के नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत सदस्य पदों की मतगणना सोमवार को प्रातः 8 बजे से निर्धारित स्थलों पर प्रारम्भ होगी। ​प्रशासन द्वारा मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पुख्ता कर ली गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से हुए मतदान की मतगणना संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में होगी। बारां में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंता में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सीसवाली में स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल, प्राथमिक ब्लॉक, मांगरोल में कन्या छात्रावास, राजकीय महाविद्यालय, छबड़ा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अटरू में राजकीय कन्या महाविद्यालय में स्थापित मतगणना केंद्रों में मतों की गिनती होगी।

इतनी लगेगी गणना टेबल
निर्वाचन विभाग के अनुसार मतगणना के लिए बारां में 14, छबड़ा व अंता में 7-7, अटरू व मांगरोल में 5-5 तब सीसवाली में 4 टेबल लगाई जाएंगी।

​सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के कड़े इंतजाम
जिला प्रशासन द्वारा सभी मतगणना केंद्रों की त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के साथ कानून व्यवस्था और पारदर्शिता के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। निर्वाचन विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों, उनके अधिकृत एजेंटों और मीडिया कर्मियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित समय से पूर्व संबंधित मतगणना केंद्र पर उपस्थित रहें। मतगणना केंद्रों में मोबाइल फोन ले जाने की मनाही रहेगी तथा अधिकृत व्यक्ति ही वहां प्रवेश कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *