राष्ट्रीय वयो योजना के तहत चित्तौड़गढ़ में अविनाश गहलोत एवं सी.पी. जोशी ने 800 वरिष्ठजनों को 75 लाख रुपये के सहायक उपकरण वितरित किए

ram

जयपुर। मंगलवार को चित्तौड़गढ़ के इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में विशाल सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय वयो योजना में राज्य एवं एलिम्को के सहयोग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद सी.पी. जोशी ने 800 वरिष्ठ नागरिकों को 75 लाख रुपये मूल्य के सहायक उपकरण वितरित किए। कार्यक्रम में अविनाश गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना केन्द्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। गहलोत ने सांसद सी.पी. जोशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चित्तौड़गढ़ की जनता का सौभाग्य है कि उन्हें ऐसा जनप्रतिनिधि मिला है जो दिन-रात जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि सांसद की पहल से क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी शिविर आयोजित हुए हैं, जिनका लाभ हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को सहायता प्रदान की जा रही है। विभाग की पेंशन योजनाएं, स्कूटी वितरण योजना, दिव्यांगजन सहायता कार्यक्रम तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण योजनाएं लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है तथा देश ने विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जोशी ने कहा कि राष्ट्रीय वयो योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक बनाया जा रहा है। शिविर के आयोजन से पूर्व व्यापक सर्वे एवं पंजीयन अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान की गई, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में पूर्व में भी दिव्यांगजनों के लिए बड़े स्तर पर शिविर आयोजित कर हजारों लोगों को सहायक उपकरण एवं मोटराइज्ड स्कूटी वितरित की जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए आयुष्मान भारत योजना का विस्तार किया है, जिससे बुजुर्गों को निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। सांसद जोशी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। अयोध्या में भगवान राम मंदिर निर्माण, गरीबों को आवास, गांवों में सड़क और शौचालय निर्माण, आधुनिक हाईवे, रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प, सीमाओं की सुरक्षा तथा आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई मोदी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। उन्होंने चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से बन रहा एयरपोर्ट अंतिम चरण में है और इसी वर्ष इसके उद्घाटन की संभावना है। चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। सांसद जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत देश के 15 प्रमुख स्मारकों में चित्तौड़गढ़ दुर्ग को भी शामिल किया गया है, जिसके तहत दुर्ग क्षेत्र में लगभग 108 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इससे चित्तौड़गढ़ के गौरवशाली इतिहास, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, वॉकर, श्रवण यंत्र, छड़ी एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। गहलोत एवं जोशी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिला कलक्टर मंजू, रतनलाल गाडरी, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *