शिवा क्लब के तीन खिलाड़ियों ने बनाए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड, मार्शल आर्ट्स में दिखाई असाधारण प्रतिभा

ram

जयपुर: शिवा क्लब, जयपुर के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया ने मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में अपनी असाधारण प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाने की उपलब्धि हासिल की। 27 नवंबर को शिवा क्लब में आयोजित आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास के दौरान तीनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी निर्धारित श्रेणियों में प्रदर्शन किया। यह रिकॉर्ड प्रयास इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं एडजुडिकेटर डॉ. भुवनेश माथुरिया की मौजूदगी में आयोजित किया गया। इस दौरान 16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक किलोग्राम का रिस्ट वेट (कलाई पर वजन) पहनकर एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाए। उनका यह प्रदर्शन इंडिया रिकॉर्ड की श्रेणी में दर्ज किया गया। वहीं, 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाईं। उन्होंने निर्धारित समय में अपनी गति, शक्ति और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड की श्रेणी में उपलब्धि हासिल की। इसी क्रम में 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 311 डबल स्लैप किक्स लगाईं। उनका यह प्रदर्शन भी इंडिया और एशिया रिकॉर्ड की श्रेणी में दर्ज किया गया। शिवा क्लब के संस्थापक प्रदीप सिंह राघव इन तीनों खिलाड़ियों के मार्गदर्शक हैं। प्रदीप सिंह राघव स्वयं वर्ष 2013 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक और साउथ एशियन स्तर पर मुए थाई में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वे ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट चौथे डैन धारक हैं और भारत ताइक्वांडो से नेशनल कोच लेवल-3 लाइसेंस प्राप्त कर चुके हैं। प्रदीप सिंह राघव ने वर्ष 2018 से अब तक 30,000 से अधिक बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया है। इसके तहत 30 से अधिक सरकारी स्कूलों में निःशुल्क मार्शल आर्ट्स कक्षाएं भी आयोजित की गई हैं। वे पिछले 11 वर्षों से शिवा क्लब का संचालन कर रहे हैं और लगातार युवाओं को खेल, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। इस अवसर पर प्रदीप सिंह राघव ने कहा, “गिर्राज मीणा, पूर्वा श्री और भविष्य धनोपिया की मेहनत और लगन देखकर मुझे पूरा विश्वास है कि वे भविष्य में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम हैं। हम उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।” तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने उनके माता-पिता और गुरुजनों के साथ पूरे जयपुर शहर और राजस्थान को गौरवान्वित किया है। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए मेहनत, अनुशासन और लगन का प्रेरणादायी उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *