फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में तीन आरोपित राजस्थान से गिरफ्तार : देवेंद्र फडणवीस

ram

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई में बताया कि फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की टीम ने राजस्थान के कोटा से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि इस मामले में आरोपित रविवार रात को फायरिंग करने के बाद सूरत चले गए थे। सूरत से तीनों आरोपित पुणे-जयपुर ट्रेन से जा रहे थे, इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को मिल गई थी। इसी के आधार पर मुंबई पुलिस ने यह जानकारी राजस्थान पुलिस से साझा की। इसके बाद कोटा पुलिस के सहयोग से तीनों आरोपितों को कोटा में गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई पुलिस इन तीनों को मुंबई लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इसके बाद तीनों को जल्द मुंबई लाया जाएगा और मामले की गहन छानबीन की जाएगी।

इस मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार को अज्ञात आरोपितों ने जुहू स्थित पुष्पा पार्क के पास टाइगर श्रॉफ की कार पर सात राउंड फायरिंग की थी। सीसीटीवी के फुटेज के अनुसार हमलावर पुष्पा पार्क के पास करीब 45 मिनट तक इंतज़ार कर रहे थे। जैसे ही टाइगर श्राफ अपनी कार की ओर आ रहे थे, वहां पर पहले से ही मौजूद हमलावरों ने टाइगर श्राफ पर कुल सात राउंड फायरिंग की। इनमें से पांच गोलियों का निशाना चूक गया, जबकि दो गोलियों में से एक श्राफ के ड्राइवर को लगी, जबकि दूसरी गोली एक रिकशा चालक को लग गई थी।

टाइगर को सिर्फ खरोंचें आई हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक आरोपित की पिस्तौल अचानक फंस गई, जिससे उस पिस्तौल से गोली नहीं निकली। इस मामले में जुहू पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की जांच के लिए १५ टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने इस घटना में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया है। अंधेरी से बरामद की गई इस मोटरसाइकिल पर मुंबई का रजिस्ट्रेशन नंबर है। नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन डिटेल के जरिए इस वाहन के पिछले रिकॉर्ड की जांच पुलिस टीम कर रही है । पुलिस घटनास्थल से लेकर अंधेरी स्टेशन तक के सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण कर रही है, ताकि आरोपितों की आवाजाही और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। इस मामले की छानबीन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *