शासन सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ने किया राजस्थान संपर्क 181 केंद्र का निरीक्षण

ram

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के क्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के शासन सचिव डॉ. रोहित गुप्ता ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क 181 हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पात्र परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध कराने और पिछले माह राशन नहीं देने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डॉ. गुप्ता ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिवादियों और जिला रसद अधिकारियों से संवाद किया। खैरथल-तिजारा के शाहीद खान ने राशन की दुकान समय पर नहीं खुलने और राशन मिलने में देरी की शिकायत की। डॉ. गुप्ता ने उन्हें गुरुवार को ही राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। करौली के रोहित कुमार की चार माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत पर डॉ. गुप्ता ने जिला रसद अधिकारी को संबंधित विक्रेता से वितरण का प्रतिशत पता कर जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला रसद अधिकारियों को राशन विक्रेताओं से नियमित रूप से मिलने और वितरण की अद्यतन जानकारी रखने के निर्देश दिए। चित्तौड़गढ़ के लक्ष्मण मेघवाल ने पूरा राशन नहीं मिलने और अलवर की सुनीता ने चार माह का राशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर शासन सचिव ने अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से जुड़े कुल 2,92,542 परिवादों में से करीब 2.89 लाख का निस्तारण हुआ है। निस्तारण में औसतन 12 दिन लगे। सत्यापित प्रकरणों में 74.09 प्रतिशत परिवादियों ने निस्तारण पर संतोष जताया। डॉ. गुप्ता ने राजस्थान संपर्क पोर्टल की कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सुविधा के बारे में भी जानकारी ली और इसे सुविधाजनक व जनोपयोगी बताया। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *