जैसलमेर। जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत भू में रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की धैर्य के साथ एक-एक कर परिवेदना को सुना एवं सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को इसके निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणजनों की समस्या का ग्राम स्तर पर निस्तारण हो, इसी उद्वेश्य से चौपाल का आयोजन किया जाता है एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता हैं कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण कर राहत दी जायें। जिला कलक्टर जोरवाल ने ग्रामीणों की विद्युत वॉल्टेज कम एवं विद्युत अपडाउन की समस्या के प्रार्थना -पत्र के संबंध में अधीक्षण अभियंता भेराराम चौधरी को निर्देश दिये कि वे विद्युत वॉल्टेज में सुधार करावें ताकि ग्रामीणों को विद्युत की समस्या नहीं झेलनी पड़ें। इसके साथ ही ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन में हुए कार्य की जांच कराने एवं पानी आपूर्ति कराने के संबंध में प्रार्थना-पत्र दिए। इस संबंध में उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को कार्य की जांच करने के साथ ही गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आबादी विस्तार एवं ढांणियों के रास्ता कटान के सम्बन्ध में परिवेदना दी। जिला कलक्टर ने इस सम्बन्ध में उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इनकी जांच करवा कर उचित कार्यवाही करें। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किए जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि चौपाल में ग्रामीणों ने जो परिवेदनाएं रखी हैं, उसके सम्बन्ध में विभाग स्तर पर होने वाली समस्याओं का तत्काल ही निस्तारण कर उन्हें राहत दें एवं इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं करें। रात्रि चौपाल में उपखण्ड अधिकारी जैसलमेर रामलाल मीणा, विकास अधिकारी महेश सिंह राठौड़ के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

जिला कलक्टर ने भू फॉलोअप शिविर का किया निरीक्षण
ram


