जयपुर। जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग की निदेशक एवं पदेन विशिष्ट शासन सचिव श्रीमती कल्पना अग्रवाल ने शुक्रवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का निरीक्षण कर विभाग से संबंधित परिवादों एवं मांगों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर अब तक विभाग से संबंधित कुल 1,643 परिवाद प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1,372 का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय बैठकों में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए तथा जिन जिलों में शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कॉल सेंटर में विभिन्न जिलों के परिवादियों से स्वयं दूरभाष पर वार्ता भी की। बालोतरा जिले के जबरू खान से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने खेत में निर्मित टांके की गुणवत्ता संबंधी समस्या के समाधान पर संतोष व्यक्त किया। जालौर के धर्मराज, डीडवाना-कुचामन के ओमप्रकाश, बालोतरा के हुसैन खान तथा जैसलमेर के ताराचंद से टांका निर्माण एवं गुणवत्ता संबंधी शिकायतों पर की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली गई। सभी परिवादियों ने विभाग द्वारा की गई कार्यवाही पर संतुष्टि व्यक्त की। इसी प्रकार चित्तौड़गढ़ जिले से एक परिवादी द्वारा अवगत कराया गया कि उनके द्वारा उनके क्षेत्र में स्थित नाले के दोनों तरफ एनीकट बनने से उत्पन्न अवरोध को हटाने की मांग संपर्क पोर्टल पर की गई थी, जिसका समाधान कर दिया गया है। पोर्टल के माध्यम से अलवर जिले से संवेदक हीरालाल जी की भुगतान संबंधी शिकायतों का भी समाधान किया गया था, जिसपर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। श्रीमती अग्रवाल ने कोटपुतली-बहरोड़ से पप्पू सिंह से बात कर एनिकट को गहरा करवाने की मांग पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कराकर उनके शीघ्र समाधान का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग की निदेशक ने राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) के कॉल सेंटर का किया निरीक्षण
ram


