जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को जनगणना कार्य निदेशालय का दौरा कर निदेशालय की विभिन्न कोर गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण की सफलतापूर्वक पूर्णता तथा भविष्य की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि निदेशालय के उच्च सांख्यिकीय मानक अनुसरणीय हैं। उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस) का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया तथा कार्यों की प्रगति के लिए सांख्यिकीय टीम की सराहना की। निदेशालय के अधिकारियों ने बताया कि आगामी फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनगणना के द्वितीय चरण की शुरूआत होगी, जिसके लिए प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं। श्रीनिवास ने कहा कि राष्ट्रीय डेमोग्राफिक चेंज कमेटी, जिसमें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र भी शामिल हैं, के साथ हाल ही में हुई चर्चाओं में सांख्यिकीय डेटा को नियमित रूप से अद्यतन करने के महत्व पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि आर्थिक सर्वेक्षण, कृषि एवं जनसंख्या के सटीक आंकड़े पारदर्शी और प्रभावी नीति-निर्माण की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि राजस्थान अपनी सुदृढ़ सांख्यिकीय डेटाबेस प्रणालियों तथा अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय की नियमित प्रकाशन परंपरा के कारण देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में अग्रणी स्थान रखता है। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तथा प्रशासनिक एटलस को जल्द से जल्द अद्यतन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिलों, तहसीलों और कस्बों की संख्या में हुई वृद्धि को देखते हुए ग्रामीण एवं शहरी विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में यह दस्तावेज अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि डिजिटल तकनीक और भू-स्थानिक उपकरणों के कुशल उपयोग से शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने में और अधिक सहायता मिलेगी। मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना से जन कल्याण के विजन को साकार करने में सांख्यिकी संवर्ग की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने आगामी 17 अगस्त से पूर्व भू-स्थानिक एवं डिजिटल टूल्स के उपयोग पर एक विस्तृत कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने निदेशालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सन्देश भी दिया। बैठक में सांख्यिकी विभाग के शासन सचिव डॉ. रवि कुमार सुरपुर, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय बिष्णु चरण मल्लिक सहित निदेशालय के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं सांख्यिकीय अन्वेषक उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने जनगणना कार्य निदेशालय का दौरा कर जनगणना कार्य की समीक्षा की
ram


