जयपुर। पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता को लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। चांदना ने सोशल मीडिया पर एक बिजली बिल की तस्वीर साझा करते हुए सरकार की बिजली नीतियों और स्मार्ट मीटरों की विश्वसनीयता पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। चांदना के मुताबिक, हिंडोली विधानसभा क्षेत्र के दरा का नया गाँव (डाबेटा) निवासी गणेश प्रजापत के मात्र 1 किलोवाट के घरेलू बिजली कनेक्शन पर एक महीने का ₹51,114 का भारी-भरकम बिल आया है। पूर्व मंत्री ने इसे आम जनता की जेब पर खुलेआम डाका करार दिया। उन्होंने ट्वीट कर जनता से पूछा कि क्या ग्रामीण परिवेश में रहने वाला कोई भी साधारण व्यक्ति इतना बड़ा बिजली बिल चुकाने में सक्षम हो सकता है? इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी अचंभा जताया कि 1 किलोवाट के कनेक्शन पर एक महीने में इतनी भारी मात्रा में बिजली का उपभोग कैसे किया जा सकता है। इस मामले के सामने आने के बाद से इलाके के ग्रामीणों में स्मार्ट मीटरों की रीड़िंग को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को लूट रही भाजपा सरकार, 1 किलोवाट का बिल आया 51,000 रुपए से अधिक : अशोक चांदना
ram


