जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के अंतर्गत जयपुर जिले में रविवार को विभिन्न विषयों की परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर (पूर्व) श्री नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित ड्राइंग विषय की परीक्षा के लिए कुल 5,944 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,220 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 3,724 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उक्त परीक्षा में 37.35 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि द्वितीय पारी में आयोजित उर्दू विषय की परीक्षा के लिए कुल 5,894 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,430 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 3,464 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उक्त परीक्षा में 41.23 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं पंजाबी विषय की परीक्षा के लिए कुल 2,015 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 369 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 1,646 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उक्त परीक्षा में 18.31 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। श्री वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। परीक्षा संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। सभी केन्द्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों द्वारा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई गई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफलतापूर्वक संचालन किया गया तथा किसी भी केन्द्र से कोई अप्रिय घटना अथवा अव्यवस्था की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के ड्राइंग, उर्दू एवं पंजाबी विषय के परीक्षाओं में क्रमशः 37.35, 41.23 एवं 18.31 प्रतिशत परीक्षार्थी रहे उपस्थित
ram


