जगतपुरा आरओबी से द्रव्यवती नदी तक महल रोड पर एट-ग्रेड यू-टर्न परियोजना सोमवार से शुरू

ram

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा जगतपुरा आरओबी से द्रव्यवती नदी तक महल रोड पर एट-ग्रेड यू-टर्न परियोजना को सोमवार से आमजन के लिए प्रारंभ किया जाएगा। परियोजना के लिए राशि 1212.11 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। परियोजना के तहत जगतपुरा आरओबी से द्रव्यवती नदी तक लगभग 7 किलोमीटर मार्ग पर कुल 7 एट-ग्रेड यू-टर्न विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें से 4 एट-ग्रेड यू-टर्न का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिन्हें आमजन के उपयोग के लिए खोला जा रहा है। परियोजना का उद्देश्य महल रोड पर यातायात को सुगम, सुरक्षित एवं निरंतर बनाना तथा अनावश्यक रुकावट एवं विलंब को कम करना है। निर्धारित स्थानों पर विकसित किए गए एट-ग्रेड यू-टर्न के माध्यम से वाहन चालकों को दिशा परिवर्तन के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मुख्य मार्ग पर अनावश्यक कट एवं संभावित संघर्ष बिंदुओं को कम करने में भी सहायता मिलेगी। विकास आयुक्त श्री सिद्धार्थ महाजन ने बताया की एट-ग्रेड यू-टर्न व्यवस्था के साथ ट्रैफिक चैनलाइजेशन, रोड मार्किंग, संकेतक, डेलीनेटर एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपायों का प्रावधान किया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य केवल यातायात की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन सुनिश्चित करना है। महल रोड पर निर्धारित यू-टर्न व्यवस्था के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर अनावश्यक सिग्नल रुकावट को कम करते हुए Continuous Traffic Movement को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, स्पष्ट रोड मार्किंग एवं संकेतकों के माध्यम से वाहन चालकों को निर्धारित लेन एवं दिशा में आवाजाही के लिए मार्गदर्शन मिलेगा। JDA द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे निर्धारित यू-टर्न का ही उपयोग करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं, लेन अनुशासन बनाए रखें तथा रोड साइन एवं यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चालक निर्धारित यू-टर्न से ही दिशा परिवर्तन कर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें। JDA द्वारा परियोजना के संचालन के दौरान यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *