जयपुर। अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अश्विनी भगत ने गुरुवार को ‘राजस्थान संपर्क कॉल सेंटर 181’ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित परिवादों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की तथा ऑडियो एवं वीडियो कॉल के माध्यम से परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
परिवादियों से संवाद कर जानी समस्याएँ
निरीक्षण के दौरान श्री भगत ने ऑडियो एवं वीडियो कॉल के माध्यम से परिवादियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी शिकायतों पर विभाग द्वारा की गई कार्रवाई एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। परिवादी मोहम्मद जसीम, आमद मोबारी तथा मनीष ने श्री भगत को बताया कि वे उनकी शिकायतों पर विभाग द्वारा की गई कार्यवाही से वे संतुष्ट हैं।
उन्होंने परिवादी करण सिंह, मोहम्मद तथा सप्तार अली की शिकायतों को शीघ्र निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने परिवादों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के साथ-साथ शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
‘संपर्क एआई’ के प्रभावी उपयोग पर जोर
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ‘संपर्क एआई’ की सराहना करते हुए विभाग एवं जिला स्तर के अधिकारियों के लिए संपर्क एआई ट्रेनिंग वर्कशॉप आयोजित किए जाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्रभावी विश्लेषण किया जा सकता है, जिससे शिकायतों की प्रकृति को समझने, संबंधित स्तर तक प्रकरण पहुँचाने तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि एआई के प्रयोग से प्रॉक्सी शिकायतों की पहचान करने में भी मदद मिल सकेगी तथा वास्तविक शिकायतों पर प्रभावी ढंग से कार्यवाही सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की औसत निस्तारण अवधि में कमी लाई जाए। बैठक में श्री भगत ने बताया कि अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग से संबंधित कुल दर्ज 1104 शिकायतों में से 1034 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। उन्होंने शेष परिवादों के भी समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग तथा संपर्क 181 के प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित रहे।


