सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर आउट, नफरत के खिलाफ जंग की दिखी झलक

ram

मुंबई। अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का टीजर शनिवार को रिलीज कर दिया गया। टीजर में भारत के बंटवारे की घटनाओं को दिखाया गया है। टीजर देखकर प्रतीत हो रहा है कि विभाजन के समय कैसे लोग बेरहम और गुस्से में अंधे हो गए थे। 57 सेकंड के टीजर में हाई वोल्टेज ड्रामा और विभाजन की दर्दनाक झलक देखने को मिल रही है। सनी देओल ऐसे व्यक्ति के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो परिवार की रक्षा के लिए हर मुश्किल का सामना करते हैं। यह एक ऐसे निडर हीरो की झलक दिखाता है जो नफरत के खिलाफ मजबूती और पक्के इरादे के साथ खड़ा रहता है। यह फिल्म 1940 के दशक के उथल-पुथल भरे दौर को दिखाती है, जब बंटवारे ने लाखों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी। डर, नुकसान और बेघर होने के बीच यह एक ऐसे आदमी की कहानी को प्रस्तुत करती है, जिसने नफरत के बजाय हिम्मत और इंसानियत को चुना था। बताया जा रहा है कि फिल्म को पाकिस्तान में बैन कर दिया गया है, जिसकी वजह से फिल्म को लेकर लोगों में उत्सुकता और ज्यादा बढ़ गई है। फिल्म ‘लगान’ के बाद एक बार फिर आमिर खान, ए. आर. रहमान और जावेद अख्तर की ब्लॉकबस्टर तिकड़ी इस प्रोजेक्ट के लिए साथ आई है। डायरेक्टर राजकुमार संतोषी और एक्टर सनी देओल भी लगभग 30 साल (तीन दशक) के बाद इस फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म में सनी देओल के अलावा, शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है और यह 14 अगस्त को दुनिया भर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। स्वतंत्रता दिवस के समय फिल्म को रिलीज होने से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा फायदा हो सकता है। अब देखना होगा कि फिल्म को दर्शक कितना पसंद करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *