विशेष निरोधात्मक अभियान अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई प्रदेश में 2 लाख 20 हजार 670 लीटर वाॅश नष्ट

ram

जयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, गश्त, रेड की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त करते हुए वाॅश नष्ट कर अभियोग दर्ज किए गए।
कार्रवाई में 282 गिरफ्तार 859 अभियोग दर्ज
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 1 से 8 मई 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 859 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में 9 लाख 72 हजार 862 रूपए लागत की 3626 लीटर देशी मदिरा, 8 लाख 69 हजार 170 रूपए की 871 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 3 लाख 15 हजार 431 रूपए की 1428 लीटर बीयर एवं 5473 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई है। इसी क्रम में 2 लाख 20 हजार 670 लीटर वाॅश नष्ट किया गया है। प्रदेश में अभियान के दौरान 8 बडे वाहन, 2 हल्के चार पहिया एवं 21 दुपहिया वाहन सहित 31 वाहन जब्त करते हुए 282 व्यक्तियों का गिरफ्तार किया गया है।
अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई जारी
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन व विक्रय पर आबकारी निरोधक टीमों द्वारा प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उदयपुर के आबकारी थाना क्षेत्र खेरवाड़ा में आबकारी दल की कार्रवाई में 10 बोतल अवैध हथकड शराब की बरामद की गई। मावली में 600 लीटर वाॅश नष्ट करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। बांसवाड़ा में दबिश की कार्रवाई कर 3 हजार लीटर वाॅश नष्ट कर 102 बोतल अवैध हथकड़ शराब की बरामद की। इसी क्रम में मोटरसाइकल पर 30 किंगफिशर बीयर की बोतल सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। जोधपुर ग्रामीण एवं सरदारपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 250 लीटर वाॅश एवं एक चालू भट्टी को नष्ट किया। राजसमन्द के आबकारी थाना क्षेत्र नाथद्वारा में टांटोल बांध बनास नदी के समीप कार्रवाई कर 1500 लीटर उत्तेजित वाॅश एवं एक भट्टी को नष्ट किया। मौके से 57 लीटर हथकड़ शराब जब्त करते हुए 2 अभियोग दर्ज किए गए। नागौर के ईपीएफ थाना परबतसर एवं मेड़ता सिटी में दबिश कार्रवाई के तहत 900 लीटर वाॅश नष्ट कर 14 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। कोटा में भारतमाला एक्सप्रेस वे पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। पाली में 1500 लीटर वाॅश एवं 8 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। केकड़ी में ईपीएफ दल की कार्रवाई में 150 लीटर वाॅश नष्ट करते हुए 5 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। मोटरसाइकल पर 35 पव्वे देशी मदिरा का परिवहन करते हुए 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। श्रीगंगानगर में दबिश कार्रवाई के तहत 6 हजार लीटर वाॅश एवं 17 भट्टियां नष्ट करते हुए 2 अभियोग दर्ज किए। इसी प्रकार प्रतापगढ़ में धरियावद के ग्राम गागरी, दंतालिया, भणावता, जीवा तालाब, मूंगाणा, बोरिया, कुमारी, भटवाड़ा में दबिश की कार्रवाई में 2150 लीटर वाॅश नष्ट एवं 10 भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 28 लीटर हथकड़ शराब बरामद कर 3 अभियोग दर्ज किए। प्रदेश के समस्त जिलों में भी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की जा रही है। प्रदेश में समस्त अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक एवं आबकारी निरोधक दल द्वारा अवैध मदिरा के विरूद्ध जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *