शेखावत का गहलोत पर तंज, बोले- विकास कार्य देखकर टूट जाएगा राजनीति का भ्रम

ram

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से नियमित उड़ानों के शुभारंभ के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि जोधपुर में हुए विकास कार्यों को देखने के बाद उनके मन में बना “राजनीति का भ्रम और आवरण” समाप्त हो जाएगा।

एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से सवाल उठाया था कि 12 वर्षों में सांसद के रूप में उन्होंने क्या काम किया। उन्होंने कहा कि अब गहलोत के सामने बड़ी चुनौती यह होगी कि वे जिस भी रास्ते से जोधपुर आएंगे, उन्हें विकास कार्य दिखाई देंगे।

शेखावत ने कहा कि यदि गहलोत हवाई मार्ग से आएंगे तो उन्हें नया एयरपोर्ट टर्मिनल नजर आएगा। रेल से आने पर नया रेलवे स्टेशन दिखाई देगा और सड़क मार्ग से आने पर बोरानाड़ा से बिलाड़ा तक बनी सीमेंट-कंक्रीट की फोरलेन सड़क दिखेगी।

उन्होंने दावा किया कि इस सड़क की घोषणा पूर्ववर्ती सरकार के समय हुई थी, लेकिन निर्माण नहीं हो सका।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बनाड़ और नांदड़ी क्षेत्र में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया गया है। वहीं डांगियावास की ओर से आने पर नया बाईपास भी दिखाई देगा। उनके अनुसार ये ऐसे विकास कार्य हैं, जो पहले लंबे समय तक अधूरे रहे, लेकिन अब पूरे हो चुके हैं।

शेखावत ने कहा कि जोधपुर में हुए इन विकास कार्यों को देखने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के मन में बनी राजनीतिक धारणा बदल जाएगी और उन्हें क्षेत्र में हुए बदलाव का एहसास होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *