विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी से मिले शरद पवार और सुप्रिया सुले

ram

नई दिल्ली। संसद के बाहर जहां विपक्षी सांसद केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे, वहीं संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार तथा उनकी बेटी व लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले की मुलाकात से सियासी गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि राज्यसभा सांसद शरद पवार और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात की सामने आई तस्वीरों में शरद पवार और प्रधानमंत्री मोदी बातचीत के दौरान मुस्कुराते हुए नजर आए। एक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी स्वयं दरवाजे पर शरद पवार का स्वागत करते दिखाई दिए। इस मुलाकात के दौरान शरद पवार ने प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भी सौंपा।
हालांकि, इस मुलाकात का समय राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। केंद्र सरकार मौजूदा मानसून सत्र में परिसीमन विधेयक को दोबारा पेश करने की तैयारी कर रही है। इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार संसद में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में एनसीपी (शरद पवार गुट) के आठ सांसद सरकार की रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इससे पहले एनसीपी (एसपी) ने संकेत दिए थे कि यदि सरकार पूरे देश में 50 प्रतिशत सीटों की समान बढ़ोतरी का लिखित आश्वासन देती है, तो पार्टी इस विधेयक पर चर्चा करने को तैयार होगी। पिछले सप्ताह सुप्रिया सुले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, “50 प्रतिशत सीट बढ़ाने की शर्त लिखित रूप में दीजिए, फिर हम इस पर चर्चा करेंगे।”
इधर, शरद पवार की पार्टी के एक वर्ग के एनडीए में शामिल होने या विलय की अटकलें भी लगातार लगाई जा रही हैं। हालांकि, सूत्रों के अनुसार भाजपा का स्पष्ट रुख है कि यदि शरद पवार गुट को आधिकारिक रूप से एनडीए में शामिल होना है, तो पहले एनसीपी के दोनों गुटों का आपसी मतभेद खत्म कर एक होना जरूरी होगा।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा फिलहाल शरद पवार या उनके सहयोगियों को व्यक्तिगत रूप से एनडीए में शामिल करने के पक्ष में नहीं है। पार्टी चाहती है कि पहले दोनों एनसीपी गुटों का विलय हो, उसके बाद ही किसी संभावित राजनीतिक साझेदारी पर विचार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *