राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप, कई शहरों में पारा 42 डिग्री पार, हीटवेव का येलो अलर्ट जारी

ram

जयपुर। राजस्थान में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को चूरू, चित्तौड़गढ़ और कोटा जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक मापा गया, जबकि 10 से ज्यादा शहरों में पारा 40 से 41 डिग्री के बीच रहा।

तेज गर्मी के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग धूप से बचने के लिए जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। कोटा में नगर निगम ने तपती सड़कों को ठंडा करने के लिए टैंकरों से पानी का छिड़काव तक करवाया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार के लिए जयपुर सहित छह जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी गई है।

पिछले 24 घंटे में बीकानेर संभाग को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में आसमान साफ रहा और दिनभर तेज धूप ने लोगों को बेहाल किया। झुंझुनूं, भरतपुर, अलवर और धौलपुर में लू के थपेड़ों ने स्थिति और ज्यादा गंभीर बना दी। हालांकि उत्तरी राजस्थान के कुछ इलाकों में बादल छाने के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिली।

राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा और अधिकतम 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी से लोगों को राहत नहीं मिल रही।

जोधपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से अधिक है। वहीं कोटा में गर्म हवा ने लोगों को झुलसा दिया और पारा 42.1 डिग्री तक पहुंच गया।

अलवर में हीटवेव का असर साफ नजर आया और अगले चार दिनों के लिए चेतावनी जारी की गई है। उदयपुर में भी तापमान 40.5 डिग्री तक पहुंच गया, जहां दुकानदारों ने धूप से बचाव के लिए दुकानों पर पर्दे लगा दिए हैं।

अजमेर में भी गर्मी का असर दिखा और बाजारों में भीड़ कम रही, जबकि सीकर में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में गर्मी का असर और तेज रहेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है तथा कई जिलों में हीटवेव का असर बना रहेगा। तेज गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है और लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *