नवरात्रि का सातवां दिन : प्रधानमंत्री मोदी ने शेयर किया देवी की स्तुति का भजन, मां कालरात्रि से समृद्धि की प्रार्थना

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शनिवार को मां कालरात्रि को नमन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देवी स्तुति से जुड़े एक भजन को शेयर किया गया। पीएम मोदी ने यह भजन एक यूट्यूब लिंक के माध्यम से साझा किया।

प्रधानमंत्री ने अपने इस पोस्ट में लिखा, “नवरात्र में आज मां कालरात्रि की विशेष उपासना का दिन है। उनके आशीर्वाद से सभी का जीवन नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास से आलोकित हो। देवी मां की दिव्य कृपा से सबकी समृद्धि हो, यही प्रार्थना है।”

उन्होंने एक्स पोस्ट में ओडिया भजन साझा किया। उन्होंने ज्योतिर्मयी नायक और अंतरा चक्रवर्ती के गाए भजन ‘दुर्गा पूजा स्पेशल’ का यूट्यूब लिंक साझा किया। इस भजन में देवी की महिमा का बखान किया गया है। इस भजन में देवी दुर्गा के सभी स्वरूपों की स्तुति की गई है।

शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन आज आदि शक्ति के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की जा रही है। मां कालरात्रि का स्वरूप अत्यंत दिव्य है। उनका वर्ण श्याम है, केश खुले हुए हैं और गले में विद्युत की तरह चमकने वाली मुंडमाला सुशोभित है। मां के तीन नेत्र ब्रह्मांड की तरह गोल व प्रकाशमान हैं, जिनसे निरंतर अग्नि की ज्वालाएं निकलती रहती हैं। उनके श्वास छोड़ने से भी अग्नि की भयंकर लपटें उत्सर्जित होती हैं।

चतुर्भुजी मां कालरात्रि बाएं हाथों में खड्ग और वरमुद्रा होता है, तथा दाहिना हाथ हमेशा अभय मुद्रा (भय दूर करने वाली) और वरद मुद्रा (वरदान देने वाली) में रहता है। गर्दभ (गधा) मां कालरात्रि का वाहन है। यद्यपि मां का यह स्वरूप अत्यंत रौद्र और भयानक है, परंतु वे अपने भक्तों को सदैव शुभ फल प्रदान करती हैं; यही कारण है कि उन्हें ‘शुभंकरी’ भी कहा जाता है।

मां कालरात्रि को गुड़ अत्यंत प्रिय है। गुड़ का भोग लगाने से वे प्रसन्न होती हैं और भक्तों के सभी संकट को दूर करती हैं। तांत्रिकों, योगियों और साधकों के लिए यह रात बहुत महत्वपूर्ण मानी जाती है। मां कालरात्रि की उपासना से भक्तों के अंदर अटूट साहस, शक्ति और मानसिक शांति का संचार होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *